मुज़फ़्फ़रनगर में मीरापुर थाना क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दबोचे गए 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश वाहिद को लेकर गुरुवार को पुलिस लाइन सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस की निगरानी में था। कई संगीन मामलों में फरार चल रहा था। मुठभेड़ के दौरान उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया। एसपी देहात ने बताया कि मीरापुर पुलिस सम्भलहेड़ा नहर पटरी रजवाहे पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक संदिग्ध हालत में आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी बाइक मोड़कर तेजी से भाग निकला। पीछा करने पर बदमाश ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान वाहिद पुत्र यामीन निवासी ललियाना थाना किठौर जनपद मेरठ के रूप में हुई है। आरोपी थाना मीरापुर में दर्ज मुकदमे में वांछित था और उस पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध तमंचा, कारतूस, बाइक, मोबाइल फोन, पैन कार्ड और नकदी भी मीडिया के सामने पेश की। एसपी देहात ने बताया कि वाहिद के खिलाफ मेरठ, गौतमबुद्धनगर और मुज़फ़्फ़रनगर में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब उसके आपराधिक नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच कर रही है। एसपी देहात अक्षय संजय महाडिक ने कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी बदमाश को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा।


