सोनीपत में जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा आयोजित बाल महोत्सव-2025 के तहत गुरुवार को जीवीएम गर्ल्स कॉलेज में भव्य पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। समारोह में जिलेभर के करीब 700 बच्चों ने अलग-अलग विधाओं में शानदार प्रदर्शन किया। इस दौरान सांस्कृतिक, साहित्यिक, चित्रकला, गायन, नृत्य, भाषण और अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की रंगारंग प्रस्तुतियों ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। पूरे सभागार में बच्चों का उत्साह, उमंग और आत्मविश्वास देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की महासचिव सुषमा गुप्ता ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। समारोह में नगराधीश सिमरन, जिला बाल कल्याण अधिकारी आरती बल्हारा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
“बाल महोत्सव बच्चों के व्यक्तित्व विकास का बड़ा मंच” मुख्यातिथि सुषमा गुप्ता ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बाल महोत्सव जैसे आयोजन बच्चों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में केवल शिक्षा ही नहीं, बल्कि बच्चों को सांस्कृतिक और नैतिक मूल्यों से जोड़ना भी बेहद जरूरी है।
उन्होंने बच्चों को अनुशासन, मेहनत और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए कहा कि आज के बच्चे ही कल के सशक्त नागरिक और राष्ट्र निर्माता हैं। “हर बच्चे में छिपी होती है खास प्रतिभा” सुषमा गुप्ता ने कहा कि हर बच्चे के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा जरूर होती है और ऐसे मंच बच्चों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर देते हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि जब बच्चों को सही मंच और प्रोत्साहन मिलता है तो वे जीवन में नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं। नगराधीश सिमरन बोलीं- प्रतियोगिताएं बढ़ाती हैं आत्मविश्वास समारोह की अध्यक्षता करते हुए नगराधीश सिमरन ने कहा कि जिला बाल कल्याण परिषद द्वारा आयोजित ऐसे कार्यक्रम बच्चों को नई ऊर्जा और रचनात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतियोगिताओं में भाग लेने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है। उन्होंने विद्यार्थियों को लगातार मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी। बच्चों की प्रतिभा निखारने का मंच है बाल महोत्सव जिला बाल कल्याण अधिकारी आरती बल्हारा ने कहा कि बाल महोत्सव-2025 का उद्देश्य बच्चों को उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने के लिए मजबूत मंच उपलब्ध करवाना है।
उन्होंने कहा कि जिला बाल कल्याण परिषद लगातार ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए काम कर रही है। उन्होंने सभी प्रतिभागी बच्चों, अभिभावकों, शिक्षकों और सहयोगी टीम का आभार भी जताया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
समारोह के दौरान बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। गायन, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों ने पूरे माहौल को उत्साह और तालियों से गूंजता रखा।
कार्यक्रम का मंच संचालन डीपीसी डॉ. अत्तर सिंह ने किया।


