रिटायर्ड सूबेदार को रेस लगा रहे बाइकर ने टक्कर मारी:कल्याणपुर में हादसा, अस्पताल में दम तोड़ा, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे

रिटायर्ड सूबेदार को रेस लगा रहे बाइकर ने टक्कर मारी:कल्याणपुर में हादसा, अस्पताल में दम तोड़ा, मॉर्निंग वॉक पर निकले थे

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रहे सेना के रिटायर्ड सूबेदार की तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब घर से महज 200 मीटर दूर सामने से आ रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल सूबेदार को पहले निजी अस्पताल और फिर हैलट अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घर से 200 मीटर पहले हुआ हादसा इंद्रा नगर मुखर्जी विहार निवासी चंदकांत मिश्रा (62) वर्ष 2011 में पंजाब के ब्यास से सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हुए थे। परिवार में पत्नी नीलम मिश्रा, बेटे शिवम और सत्यम तथा दो बेटियां हैं। छोटे बेटे सत्यम ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह शनिवार सुबह टहलने निकले थे। सुबह करीब सात बजे घर लौटते समय तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह कई फीट दूर जाकर गिरे, जबकि बाइक सवार नियंत्रण खोकर सड़क किनारे नाले में जा घुसा। 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार का आरोप परिजनों का आरोप है कि बाइक सवार युवक दूसरे बाइक चालकों के साथ रेस लगा रहा था और उसकी रफ्तार करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटा थी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिवार के लोगों ने चंदकांत मिश्रा को गंभीर हालत में निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिवार में मचा कोहराम चंदकांत मिश्रा के निधन की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बड़े बेटे शिवम मिश्रा बैंक ऑफ इंडिया में मैनेजर हैं, जबकि छोटे बेटे सत्यम एलएलबी के छात्र हैं। उनकी बड़ी बेटी सीआरपीएफ में तैनात हैं। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घायल बाइक सवार का भी चल रहा इलाज हादसे में घायल बाइक सवार युवक को पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देकर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। रविवार सुबह पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कल्याणपुर के कार्यवाहक थाना प्रभारी रईस अहमद ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *