हरदोई के सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के कार्यालय परिसर में मंगलवार दोपहर एक युवक की करंट लगने से मौत हो गई। घटना उस समय हुई, जब युवक निर्माणाधीन इमारत में शटरिंग का काम कर रहा था। जानकारी के अनुसार, देहात कोतवाली क्षेत्र के कौढ़ा गांव निवासी सुभाष चंद्र अपने साथियों विमलेश, सत्यम, नवल और सत्येंद्र के साथ मंगलवार सुबह काम पर गए थे। दोपहर बाद वह पानी पीने के लिए सबमर्सिबल का तार बिजली बोर्ड में लगाने लगे। इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए। साथी सत्यम ने बताया कि जैसे ही सुभाष ने तार लगाया, उन्हें जोरदार करंट लगा और वह पास में भरे पानी के गड्ढे में गिर पड़े। आनन-फानन में साथियों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां शाम करीब 4 बजे डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता कमलेश ने बताया कि सुभाष उनके दो बेटों और दो बेटियों में सबसे बड़े थे और परिवार की जिम्मेदारी संभालने लगे थे। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां का रो-रोकर बुरा हाल है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।


