नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने 21 जून को आयोजित होने वाली री-नीट यूजी 2026 परीक्षा के लिए एग्जामिनेशन सिटी इंटीमेशन स्लिप जारी कर दी है। इसके साथ ही देशभर के करीब 22.57 लाख अभ्यर्थियों का इंतजार समाप्त हो गया। परीक्षा का आयोजन पेन-पेपर मोड पर किया जाएगा।
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि एनटीए की ओर से 7 जून को जारी नोटिफिकेशन के माध्यम से अभ्यर्थियों को उनके परीक्षा शहर की जानकारी उपलब्ध करा दी गई है। हालांकि एनटीए ने स्पष्ट किया है कि एग्जामिनेशन सिटी इंटीमेशन स्लिप को एडमिट कार्ड नहीं माना जाए। परीक्षा के प्रवेश पत्र अलग से जल्द जारी किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी अपने एप्लीकेशन नंबर और जन्म तिथि की सहायता से एग्जामिनेशन सिटी इंटीमेशन स्लिप डाउनलोड कर सकते हैं। इस स्लिप में केवल परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी दी गई है, जबकि परीक्षा केंद्र का पूरा पता एडमिट कार्ड में उपलब्ध कराया जाएगा।
एनटीए ने विद्यार्थियों को सलाह दी है कि वे डाउनलोड की गई सिटी इंटीमेशन स्लिप का सावधानीपूर्वक परीक्षण करें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या तकनीकी समस्या सामने आती है तो तत्काल एनटीए को सूचित करें। इसके लिए आधिकारिक ई-मेल आइडी neetug2026@nta.ac.in के माध्यम से संपर्क करने की सलाह दी है।
विद्यार्थियों को सुझाव दिया गया है कि वे अंतिम समय तक प्रतीक्षा न करें और किसी भी समस्या की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। री-नीट यूजी 2026 परीक्षा को लेकर अब तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। परीक्षा शहर की जानकारी जारी होने के बाद अभ्यर्थी अपने यात्रा और आवास संबंधी प्रबंध समय रहते सुनिश्चित कर सकेंगे। वहीं, अब सभी की नजरें एडमिट कार्ड जारी होने पर टिकी हुई हैं।


