जिला क्रिकेट संघ दौसा द्वारा आरसीए की ओर से आयोजित होने वाली सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम का चयन ट्रायल 23 मई शनिवार को किया जाएगा। ट्रायल सुबह 8 बजे से राजेश पायलट राजकीय स्टेडियम में होगा। जिला क्रिकेट संघ सचिव बृजकिशोर उपाध्याय ने बताया कि आरसीए द्वारा सीनियर महिला प्रतियोगिता का आयोजन 2 जून से किया जाएगा। प्रतियोगिता के लिए जिले की टीम चयन के लिए ट्रायल में 15 वर्ष से अधिक आयु की महिला खिलाड़ी भाग ले सकेंगी। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों के डाक्यूमेंट्स की भी जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि पिछले साल जिले की महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सीनियर महिला चैंपियनशिप के सेमीफाइनल तक जगह बनाकर जिले का नाम रोशन किया था। इसे देखते हुए मजबूत और संतुलित टीम तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है। सचिव ने कहा कि जिले में महिला खिलाड़ियों की संख्या कम होने के कारण प्रोफेशनल खिलाड़ियों को भी मौका दिया जाएगा, ताकि प्रतियोगिता में दौसा टीम बेहतर प्रदर्शन कर सके।


