चंडीगढ़ में रैपर बादशाह का क्लब सील:मंजूर नक्शे से ज्यादा निर्माण किया, कई नोटिसों के बावजूद नहीं हटाया

चंडीगढ़ में रैपर बादशाह का क्लब सील:मंजूर नक्शे से ज्यादा निर्माण किया, कई नोटिसों के बावजूद नहीं हटाया

चंडीगढ़ के सेक्टर-26 स्थित मशहूर रैपर बादशाह के सागो क्लब को मंगलवार सुबह प्रशासन की बिल्डिंग ब्रांच ने सील कर दिया है। क्लब संचालकों को भवन नियमों के उल्लंघन को लेकर कई बार नोटिस जारी किए गए थे। उन्हें निर्धारित समय के भीतर कमियां दूर करने और नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। इसके बाद बिल्डिंग ब्रांच की टीम मौके पर पहुंची और सीलिंग की कार्रवाई की। प्रशासन के मुताबिक, क्लब में भवन संबंधी नियमों और स्वीकृत नक्शे से जुड़े कुछ उल्लंघनों को लेकर लंबे समय से मामला चल रहा था। बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद संतोषजनक जवाब और अनुपालन नहीं मिलने पर आखिरकार क्लब को सील करने का फैसला लिया गया। यह वही क्लब है, जो इससे पहले भी एक बड़े विवाद के कारण चर्चा में आ चुका है। क्लब के बाहर हुए धमाकों की जिम्मेदारी सोशल मीडिया के जरिए गैंगस्टर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा की ओर से लिए जाने की बात सामने आई थी। मंजूर नक्शे से अलग निर्माण पड़ा भारी प्रशासन के अनुसार, क्लब के लिए जो नक्शा मंजूर कराया गया था, उसके बाद अंदर अतिरिक्त निर्माण कर लिया गया था। इसी को लेकर बिल्डिंग ब्रांच की ओर से क्लब संचालकों को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, निर्धारित समय के भीतर निर्माण नहीं हटाया गया। इसके बाद मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे बिल्डिंग ब्रांच की टीम पुलिस की मौजूदगी में मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए क्लब को सील कर दिया। 2 साल पहले हुआ था क्लब के बाहर धमाका करीब दो साल पहले सेक्टर-26 स्थित दो क्लबों के बाहर धमाके हुए थे। इस घटना की जिम्मेदारी लॉरेंस गैंग की ओर से ली गई थी। गैंगस्टर गोल्डी बराड़ के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी सामने आई थी, जिसमें धमाकों की वजह कथित तौर पर प्रोटेक्शन मनी न देना बताई गई थी। धमाके सेविले बार एंड लाउंज और डि’ओरा क्लब के बाहर हुए थे। इस घटना में क्लबों के बाहर लगे शीशे टूट गए थे। सेविले बार एंड लाउंज के मालिकों में मशहूर रैपर बादशाह भी पार्टनर हैं। गोल्डी बराड़ के हवाले से सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में दावा किया गया था कि दोनों क्लबों के मालिकों से प्रोटेक्शन मनी के लिए संपर्क किया गया था। पोस्ट में कहा गया था कि उनकी ओर से कॉल और संदेशों का जवाब नहीं दिया गया, जिसके बाद धमाके किए गए। साथ ही यह भी दावा किया गया था कि जो लोग उनकी कॉल्स को नजरअंदाज कर रहे हैं, वे इसे चेतावनी के तौर पर लें। हालांकि, इस मामले की जांच पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *