कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती, जिसने बीते दिनों एक सिपाही पर प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था, अब अपनी मेहनत और हौसले के दम पर बड़ी सफलता हासिल कर चर्चा में आ गई है। युवती ने डिफेंस रिसर्च एंड डेवलपमेंट ऑर्गेनाइजेशन (DRDO) रक्षा मंत्रालय की परीक्षा पास कर ली है। सोमवार को परीक्षा का परिणाम जारी हुआ था, जिसे युवती ने मंगलवार को चेक किया। चयन की खबर मिलते ही परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। बोली- संघर्ष ने कमजोर नहीं, मजबूत बनाया युवती ने बताया कि कठिन परिस्थितियों के बावजूद उसने पढ़ाई नहीं छोड़ी। उसने कहा कि जीवन में आए संघर्षों ने उसे टूटने नहीं दिया, बल्कि और मजबूत बनाया। अब वह अपने भविष्य पर पूरा फोकस करेगी और अपने माता-पिता का नाम रोशन करना चाहती है। साथ ही, उसके साथ जो गलत हुआ, उसके खिलाफ कानूनी लड़ाई भी जारी रखेगी। सिपाही पर लगाया था दुष्कर्म का आरोप बीते दिनों युवती ने एक सिपाही पर शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया था। युवती का कहना था कि आरोपी ने लंबे समय तक प्रेम संबंध बनाए रखे और विवाह का भरोसा दिया, लेकिन बाद में मुकर गया। इसके बाद उसने पुलिस आयुक्त से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई थी। पुलिस आयुक्त के निर्देश पर मामले की जांच कराई गई, जिसके बाद रावतपुर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि करीब एक माह बाद आरोपी को न्यायालय से जमानत मिल गई थी। युवती का आरोप है कि इसके बाद उस पर समझौते का दबाव बनाया जाने लगा। पढ़ाई जारी रखकर हासिल की सफलता पूरे विवाद और कानूनी लड़ाई के बीच भी युवती ने अपनी पढ़ाई जारी रखी। उसने रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आयोजित DRDO की परीक्षा दी थी। परिणाम आने पर उसके चयन की सूचना से परिवार भावुक हो उठा। परिजनों ने कहा कि बेटी ने विपरीत परिस्थितियों में भी साहस, धैर्य और आत्मविश्वास का परिचय दिया है। स्थानीय लोग भी युवती की सफलता को संघर्ष, मेहनत और हिम्मत की मिसाल बता रहे हैं।


