गुरुवार को अमरकंटक विकास प्राधिकरण के नवनियुक्त अध्यक्ष राजेंद्र भारती ने विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। प्राधिकरण के सीईओ और पुष्पराजगढ़ एसडीएम वसीम अहमद भट्ट ने उन्हें औपचारिक रूप से कार्यभार सौंपा। इससे पहले राजेंद्र भारती ने मां नर्मदा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और मां नर्मदा का आशीर्वाद लिया। उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण के संकल्प के साथ अपने कार्यालय कक्ष में भी भगवान का पूजन किया। संस्कृति और प्रकृति के संगम के रूप में विकास की योजना पदभार संभालने के बाद भारती ने अमरकंटक को भारतीय संस्कृति, आध्यात्म और प्रकृति का संगम बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक और पर्यटन महत्व को देखते हुए प्राथमिकता के आधार पर विकास कार्य किए जाएंगे। स्वच्छता और जनभागीदारी पर विशेष जोर अध्यक्ष ने अमरकंटक को स्वच्छ, सुंदर और पर्यटन की दृष्टि से विकसित बनाने के लिए जनभागीदारी आधारित योजनाएं चलाने की बात कही। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और स्थानीय नागरिकों के सुझावों को प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया। यह रहे उपस्थित इस अवसर पर रामलाल रौतेल, पार्वती सिंह, कमल प्रताप सिंह सहित विभिन्न भाजपा पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर नवनियुक्त अध्यक्ष का स्वागत किया।


