Rajasthan Panchayat Election के तीसरे चरण में 10 बजे तक 14.89 प्रतिशत मतदान

Rajasthan Panchayat Election के तीसरे चरण में 10 बजे तक 14.89 प्रतिशत मतदान

जयपुर, तीन नवंबर राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के तीसरे चरण के चुनाव में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मंगलवार सुबह से मतदान जारी है जहां शुरुआती तीन घंटे में 14.89 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। अधिकारियों के यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार, मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और पूर्वाह्न 10 बजे तक 14.89 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान हनुमानगढ़ जंक्शन पंचायत समिति में सबसे अधिक 23.71 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। वहीं बालोतरा की धौरीमन्ना पंचायत समिति में सबसे कम 7.25 प्रतिशत वोट डाले गए।

मतदान शाम छह बजे तक जारी रहेगा। इस चरण में करीब 1.07 करोड़ मतदाता जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों का चुनाव करने के लिए पात्र हैं। इसके लिए 116 पंचायत समितियों में 11,869 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

राज्य में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव चार चरणों में कराए जा रहे हैं। पहले चरण में 22 अक्टूबर को 104 पंचायत समितियों में जिला परिषद के 293 और पंचायत समिति के 1,788 वार्ड के लिए मतदान हुआ था। दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को 124 पंचायत समितियों में जिला परिषद के 352 और पंचायत समिति के 2,197 वार्ड के लिए मतदान कराया गया।

तीसरे चरण के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मंगलवार को रहे चुनाव के बाद पंच और सरपंच पदों के लिए पांच नवंबर को मतदान होगा, जबकि उपसरपंचों का चुनाव छह नवंबर को कराया जाएगा। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के चौथे और अंतिम चरण का मतदान 14 नवंबर को होगा। वहीं, पंच और सरपंच पदों के लिए 16 नवंबर को मतदान कराया जाएगा।

मतगणना 20 नवंबर को होगी। जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव क्रमशः 25 और 26 नवंबर को कराए जाएंगे। वहीं, पंचायत समिति प्रधान और उप प्रधान के चुनाव 27 और 28 नवंबर को होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *