जालोर। बागोड़ा उपखंड क्षेत्र के नई मोरसीम गांव में एक शादी समारोह के दौरान हादसा सामने आया, जहां बंदोली कार्यक्रम में डांस कर रही नवविवाहिता युवती की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया और खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
जानकारी के अनुसार नई मोरसीम निवासी लुम्भाराम पुत्र जवाराम पुरोहित के घर विवाह समारोह था। परिवार में बेटी ममता की शादी मंगलवार को होनी थी, जिसकी बारात खिरोड़ी से आने वाली थी, जबकि बेटे की शादी 1 मई को प्रस्तावित थी। इसको लेकर घर में मांगलिक कार्यक्रमों का दौर चल रहा था और रिश्तेदारों का जमावड़ा लगा था।
दीपिका की चार माह पूर्व हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि वाटेरा निवासी दीपिका जो लुम्भाराम की भांजी थी। वह अपने माता-पिता व बहन के साथ शादी समारोह में आई थी। दीपिका की शादी करीब चार माह पूर्व तातोड़ निवासी दिलीप कुमार से हुई थी और यह उसका शादी के बाद पहला बड़ा पारिवारिक कार्यक्रम था।
अचानक आया चक्कर, अचेत होकर गिरी
सोमवार रात बंदोली कार्यक्रम के दौरान गीत-संगीत के बीच महिलाएं डांस कर रही थीं। इस दौरान दीपिका भी उत्साह से नाच रही थी, तभी अचानक उसे चक्कर आया और वह अचेत होकर गिर पड़ी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत उसे मोरसीम के राजकीय अस्पताल ले गए, जहां से उसे रेफर कर दिया।
परिवार और गांव में शोक की लहर
बताया जा रहा है कि बागोड़ा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दीपिका ने दम तोड़ दिया। अचानक हुई घटना से परिवार और गांव में शोक की लहर छा गई। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब सन्नाटा पसरा है।


