Raja Shivaji Box Office Collection Day 1: मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की वीरता की गाथा आज एक बार फिर बड़े पर्दे पर आई है। रितेश देशमुख की बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक फिल्म राजा शिवाजी जिसका फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे थे वो 1 मई, 2026 को महाराष्ट्र दिवस के खास मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब उसके पहले दिन के आंकडे़ सामने आ गए हैं। फिल्म ने उम्मीद के मुताबिक बॉक्स ऑफिस पर धमाकेदार शुरुआत की है और ओपनिंग पर डबल डिजिट में कलेक्शन कर सबको हैरान कर दिया है।
राजा शिवानी की पहले दिन की कमाई ने चौंकाया (Raja Shivaji Box Office Collection Day 1)
बॉक्स ऑफिस ट्रैकर ‘सैकनिल्क’ के मुताबिक, रितेश देशमुख की इस फिल्म ने पहले दिन कुल 11.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। अच्छी बात यह है कि फिल्म को हिंदी और मराठी दोनों भाषाओं में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है। फिल्म ने मराठी वर्जन में 8 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की, वहीं हिंदी बेल्ट से भी 3.35 करोड़ रुपये बटोरने में कामयाब रही। इस ओपनिंग के साथ ही ‘राजा शिवाजी’ रितेश देशमुख के करियर की टॉप-10 सबसे बड़ी ओपनिंग वाली फिल्मों की लिस्ट में 9वें नंबर पर पहुंच गई है।
दर्शकों का कैसा रहा रुझान? (Riteish Deshmukh Movie Raja Shivaji)
फिल्म को लेकर दर्शकों में भारी क्रेज देखा जा रहा है। महाराष्ट्र के कई शहरों में सुबह से ही सिनेमाघरों के बाहर लंबी कतारें नजर आईं। आंकड़ों की मानें तो सुबह के शोज में करीब 12.54 प्रतिशत ऑक्यूपेंसी रही, जो दोपहर तक बढ़कर 28.38 प्रतिशत तक पहुंच गई थी। शाम के शोज में भी दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ और 25 प्रतिशत से ज्यादा सीटें भरी रहीं। कुल मिलाकर फिल्म की पहले दिन की एवरेज ऑक्यूपेंसी 22 प्रतिशत दर्ज की गई है।
सितारों से सजी फौज और भव्य निर्देशन (Raja Shivaji Director Riteish Deshmukh)
रितेश देशमुख ने इस फिल्म में न सिर्फ छत्रपति शिवाजी महाराज का मुख्य किरदार निभाया है, बल्कि उन्होंने खुद इसका निर्देशन भी किया है। फिल्म की स्टारकास्ट किसी बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर से कम नहीं है। संजय दत्त ने ‘अफजल खान’ के खूंखार रोल में जान फूंक दी है, वहीं अभिषेक बच्चन, विद्या बालन, बोमन ईरानी, जेनेलिया डिसूजा और भाग्यश्री जैसे दिग्गजों ने फिल्म को और भी भव्य बना दिया है। इतना ही नहीं, सलमान खान का स्पेशल कैमियो दर्शकों के लिए ‘चेरी ऑन द केक’ साबित हो रहा है।
सबसे महंगी मराठी फिल्म (Raja Shivaji Budget)
करीब 100 करोड़ के भारी-भरकम बजट में बनी ‘राजा शिवाजी’ अब तक की सबसे महंगी मराठी फिल्म बताई जा रही है। जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी के बैनर तले बनी इस फिल्म को सोशल मीडिया पर भी जबरदस्त पॉजिटिव रिव्यूज मिल रहे हैं। लोग रितेश के निर्देशन और फिल्म की सिनेमेटोग्राफी की जमकर तारीफ कर रहे हैं। जिस तरह से फिल्म ने शुरुआत की है, उसे देखकर लगता है कि आने वाले वीकेंड में यह फिल्म कमाई के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।


