रायसेन स्वगणना में प्रदेश में नंबर वन बना:कलेक्टर ने 43॰ तापमान में गांव-गांव घूमकर लोगों को प्रेरित किया

रायसेन स्वगणना में प्रदेश में नंबर वन बना:कलेक्टर ने 43॰ तापमान में गांव-गांव घूमकर लोगों को प्रेरित किया

स्वगणना अभियान में रायसेन जिला प्रदेश में पहले स्थान पर रहा है। जिले में 28 अप्रैल तक कुल 82,884 स्वगणनाएं दर्ज की गईं, जो राज्य में सर्वाधिक हैं। इस उपलब्धि के पीछे कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा का विशेष योगदान रहा। वे बीते एक सप्ताह से 43 डिग्री सेल्सियस तापमान में जिले के गांवों का दौरा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठकर स्वगणना के महत्व पर चर्चा की और उन्हें प्रक्रिया समझाई। जनगणना-2027 के तहत 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना के लिए पोर्टल पर विशेष सुविधा उपलब्ध कराई गई है। कलेक्टर विश्वकर्मा के निर्देश पर जिले में इस कार्य को मिशन मोड में चलाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक इस अवधि में अपनी स्वगणना पूरी कर सकें। कलेक्टर विश्वकर्मा ने इस सफलता का श्रेय सभी एसडीएम, जनपद सीईओ, तहसीलदार, सीएमओ, अन्य विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, प्रगणकों और नागरिकों के अथक परिश्रम व सहयोग को दिया। उन्होंने बताया कि स्वगणना कार्य की प्रगति की प्रतिदिन निगरानी की जा रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से स्वगणना करने की अपील करते हुए कहा कि यह प्रक्रिया बेहद सरल है और इसे मोबाइल के माध्यम से स्वयं पूरा किया जा सकता है। कलेक्टर के मार्गदर्शन में नागरिकों में स्वगणना के प्रति जागरूकता लाने के साथ-साथ उन्हें इसकी प्रक्रिया भी समझाई जा रही है। मैदानी अमले द्वारा पंचायतों और वार्डों में शिविर लगाकर स्वगणना की प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। अधिकारी नियमित रूप से भ्रमण कर नागरिकों से सीधा संवाद कर रहे हैं और उन्हें स्वगणना के लिए प्रेरित करने के साथ ही मोबाइल से स्वगणना की प्रक्रिया भी पूरी करवा रहे हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *