कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार/ शनिवार को विशेष टिकट चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन पर कीलेबंदी कर ट्रेनों और प्लेटफॉर्म पर सघन जांच की गई। इस अभियान को बिना टिकट यात्रा करने वालों और नियम तोड़ने वाले यात्रियों पर कार्रवाई करना था। अभियान में उप मुख्य यातायात प्रबंधक अकांशु गोविल के निर्देश पर तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार के नेतृत्व में चलाया गया। रेलवे की टीमों ने स्टेशन पर आने-जाने वाली कुल 13 ट्रेनों में जांच की। चेकिंग के दौरान बिना टिकट यात्रा करने वाले, गलत टिकट पर सफर करने वाले और स्टेशन परिसर में गंदगी फैलाने वाले यात्रियों को पकड़ा गया। कुल 247 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनसे जुर्माने के रूप में 1 लाख 36 हजार 10 रुपये वसूले गए। सहायक वाणिज्य प्रबंधक पवन कुमार ने बताया कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इससे बिना टिकट यात्रा पर रोक लगेगी और स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनी रहेगी। रेल अधिकारियों ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले वैध टिकट लेकर ही सफर करें और स्टेशन पर साफ-सफाई बनाए रखने में सहयोग करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।


