Probationary Officer: आजकल के युवा अच्छी नौकरी और बेहतरीन लाइफस्टाइल की तलाश में रहते हैं। भारी-भरकम पैकेज वाली प्राइवेट नौकरियों के दौर में भी सरकारी नौकरी का चार्म जरा भी कम नहीं हुआ है। इसी बात को सही साबित करता है बैंक ऑफ बड़ौदा के एक युवा पीओ का हालिया वीडियो। पंकजकुमार दास नाम के इस बैंक अधिकारी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने अपनी पहली सैलरी स्लिप और नौकरी के साथ मिलने वाली तमाम सुविधाओं का विस्तार से खुलासा किया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया है और बैंकिंग की तैयारी कर रहे लाखों छात्रों के बीच चर्चा का मुख्य विषय बन गया है।
वेतन का पूरा गणित ऐसे समझें
वायरल वीडियो में पंकज ने मई 2025 की अपनी पहली सैलरी स्लिप दिखाई है। इस स्लिप के मुताबिक, उनके बैंक खाते में कटौतियों के बाद इन-हैंड 98,745 रुपये आए हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि यह बड़ी रकम पूरे एक महीने की नहीं, बल्कि 40 दिनों के काम का मेहनताना है। उन्होंने अपनी कमाई का पूरा हिसाब समझाते हुए बताया कि उनकी सैलरी में बेसिक पे (मूल वेतन), मकान किराया भत्ता और महंगाई भत्ता जैसी कई महत्वपूर्ण चीजें शामिल हैं।
सुविधाओं की लंबी लिस्ट : एक नजर
सिर्फ नकद वेतन ही नहीं, पंकज ने बैंक की तरफ से मिलने वाली अन्य शानदार सुविधाओं की भी लिस्ट बताई है, जो इस नौकरी को और भी खास बनाती है। एक पीओ के तौर पर उन्हें लीज अकोमोडेशन (रहने के लिए घर), पेट्रोल का खर्च, अखबार का भत्ता, मनोरंजन भत्ता और मेडिकल सपोर्ट जैसी कई बेहतरीन सुविधाएं मिलती हैं। इसके अलावा रिफ्रेशमेंट, घर के रखरखाव, मोबाइल और इंटरनेट रिचार्ज, यहां तक कि आंखों के चेकअप का खर्च भी बैंक ही उठाता है। छुट्टियों के दौरान बैंक के गेस्ट हाउस और हॉलिडे होम में रुकने की सुविधा और बची हुई छुट्टियों को भुनाने का फायदा भी उन्हें मिलता है।
बैंक की नौकरी में काम का दबाव भी बहुत
इस वीडियो के वायरल होने के बाद इंटरनेट पर लोगों की जमकर प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। सरकारी बैंक की इस शानदार सैलरी और सुविधाओं को देखकर कई लोग हैरान हैं। कमेंट सेक्शन में युवा पूछ रहे हैं कि इस परीक्षा को कैसे पास किया जाए। जो छात्र बैंकिंग की तैयारी करते-करते निराश हो गए थे, उन्हें पंकज का यह वीडियो देखकर एक नई ऊर्जा मिली है। वहीं, कुछ लोगों ने चुटकी लेते हुए यह भी कहा कि “सुविधाएं तो ठीक हैं, लेकिन बैंक की नौकरी में वर्कलोड (काम का दबाव) भी बहुत होता है, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।”
सोशल मीडिया पर लंबी बहस छिड़ गई
आपको बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब किसी बैंक अधिकारी की सैलरी स्लिप ने सुर्खियां बटोरी हों। इससे पहले स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की एक महिला प्रोबेशनरी ऑफिसर का वीडियो भी वायरल हुआ था। उन्होंने बताया था कि करीब ढाई साल की सर्विस और 5 इंक्रीमेंट के बाद उनकी इन-हैंड सैलरी लगभग 95,000 रुपये है। उस वक्त भी बैंकिंग सेक्टर की शानदार कमाई को लेकर सोशल मीडिया पर लंबी बहस छिड़ गई थी।
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में करियर बनाना आज भी एक सुरक्षित विकल्प
अगर हम प्राइवेट बनाम सरकारी नौकरी के नजरिए से देखें, तो बैंकिंग सेक्टर हमेशा से युवाओं की पहली पसंद रहा है। आज के समय में जब प्राइवेट कंपनियों में छंटनी का डर हमेशा बना रहता है, ऐसे में बैंक पीओ जैसी नौकरी न केवल आर्थिक रूप से मजबूत बनाती है, बल्कि भविष्य को भी सुरक्षित करती है। शुरुआत में भले ही आईटी सेक्टर का पैकेज बड़ा दिखे, लेकिन सरकारी बैंकों में मिलने वाले भत्ते (परक्स), निश्चित इंक्रीमेंट और सबसे बड़ी बात-नौकरी की सुरक्षा, इसे बेहद आकर्षक बना देते हैं। पंकज का यह वीडियो इस बात का पुख्ता सुबूत है कि सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में करियर बनाना आज भी एक सुरक्षित विकल्प है।


