NEET (UG) 2026 परीक्षा की तैयारी पूरी:सोनभद्र में 3 मई को चार केंद्रों पर 1508 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

NEET (UG) 2026 परीक्षा की तैयारी पूरी:सोनभद्र में 3 मई को चार केंद्रों पर 1508 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

सोनभद्र। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा NEET (UG) 2026 का आयोजन 03 मई (रविवार) को दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक किया जाएगा। इस परीक्षा में कुल 1508 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा के लिए कुल चार केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, चुर्क (पुलिस लाइन) में दो केंद्र, आदर्श इंटरमीडिएट कॉलेज, टैगोर नगर, रॉबर्ट्सगंज में एक केंद्र और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, रॉबर्ट्सगंज में एक केंद्र शामिल है। सिटी कोऑर्डिनेटर एवं पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय, बहुआर, सोनभद्र के प्राचार्य अंशुमान सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा कड़ी सुरक्षा और प्रशासनिक निगरानी में संपन्न कराई जाएगी। जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। पुलिस प्रशासन द्वारा भी एक नोडल अधिकारी नामित किया जाएगा। NTA ने प्रत्येक केंद्र पर ऑब्जर्वर भी नियुक्त किए हैं। परीक्षा को निष्पक्ष तरीके से कराने के लिए आधुनिक तकनीकी व्यवस्था का उपयोग किया जाएगा। इसमें बायोमेट्रिक सत्यापन से अभ्यर्थियों की पहचान की जाएगी। साथ ही, सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लाइव स्ट्रीमिंग की व्यवस्था भी की गई है। इसके अतिरिक्त, फ्रिस्किंग और वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। परीक्षा का संचालन NTA द्वारा नियुक्त एजेंसी के माध्यम से होगा। अभ्यर्थियों के लिए प्रवेश का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक निर्धारित है। दोपहर 1:30 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी। प्रवेश से पूर्व दस्तावेज जांच, बायोमेट्रिक और फ्रिस्किंग अनिवार्य होगी। अभ्यर्थियों को मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, निजी पेन, पेंसिल और गॉगल्स जैसी वस्तुएं केंद्र के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के लिए पेन NTA द्वारा केंद्र पर ही उपलब्ध कराया जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर फर्नीचर, बिजली, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और अन्य आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। इन व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक, सोनभद्र, जयराम सिंह को NTA द्वारा नामित किया गया है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *