सहारनपुर में हिस्ट्रीशीटर चोर अरेस्ट:खेत से चोरी 4 कुंतल गेहूं और रेहड़ा बरामद

सहारनपुर में हिस्ट्रीशीटर चोर अरेस्ट:खेत से चोरी 4 कुंतल गेहूं और रेहड़ा बरामद

सहारनपुर की जनकपुरी थाना पुलिस ने खेत से गेहूं चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब 4 कुंतल गेहूं (9 कट्टे) और वारदात में इस्तेमाल किया गया मोटरसाइकिल से बना रेहड़ा बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 1 मई 2026 को हरौड़ा निवासी मसरूर पुत्र अय्यूब ने जनकपुरी थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात चोर उनके खेत से लगभग 4 कुंतल गेहूं चुरा ले गए। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। एसएसपी के निर्देश पर थानाध्यक्ष नेमचंद सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शनिवार को आरोपी खुर्शीद पुत्र अलीहसन को उसके हसनपुर स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। खुर्शीद थाना कोतवाली देहात का हिस्ट्रीशीटर है। पुलिस पूछताछ में आरोपी खुर्शीद ने बताया कि वह अपने दो साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। तीनों हाल ही में जेल से छूटे थे और दिन में संभावित स्थानों की रेकी करते थे, जबकि रात में रेहड़े के जरिए चोरी का माल ले जाते थे। उसने बताया कि 29/30 अप्रैल की रात को भी तीनों ने देहरादून रोड स्थित एक बारात घर के पीछे से 9 कट्टे गेहूं चुराए थे। गिरफ्तार आरोपी खुर्शीद पर चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहा है और कई बार जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 कट्टे गेहूं और चोरी में प्रयुक्त रेहड़ा बरामद किया है। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में अन्य धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। आरोपी के अन्य साथियों की तलाश जारी है और पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अजय कसाना, हेड कांस्टेबल सूरज और हेड कांस्टेबल मोहित की अहम भूमिका रही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *