प्रयागराज को मिली पहली अत्याधुनिक मोबाइल ब्लड डोनेशन वैन:AMA को 4 जून को समर्पित, रक्तदान को मिलेगी नई रफ्तार

प्रयागराज को मिली पहली अत्याधुनिक मोबाइल ब्लड डोनेशन वैन:AMA को 4 जून को समर्पित, रक्तदान को मिलेगी नई रफ्तार

प्रयागराज में रक्तदान और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए रोटरी इलाहाबाद मिडटाउन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्था ने 37.21 लाख रुपये की लागत से तैयार अत्याधुनिक मोबाइल ब्लड डोनेशन वैन इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन (एएमए) को समर्पित करने का निर्णय लिया है। इस वैन का लोकार्पण और हस्तांतरण समारोह 4 जून को शाम 7 बजे एएमए ऑडिटोरियम में होगा। कार्यक्रम में माननीय न्यायमूर्ति पीयूष अग्रवाल मुख्य अतिथि होंगे। रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3120 के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन डॉ. आशुतोष अग्रवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। एएमए के चिकित्सक और प्रयागराज के विभिन्न रोटरी क्लबों के पदाधिकारी व सदस्य भी समारोह में शामिल होंगे।
यह मोबाइल ब्लड डोनेशन वैन आधुनिक सुविधाओं और चिकित्सा उपकरणों से लैस है। इसमें मोटराइज्ड ब्लड डोनेशन काउच, 40 से 50 यूनिट रक्त सुरक्षित रखने वाला उच्च गुणवत्ता का रेफ्रिजरेटर, एयर कंडीशनर, जनरेटर बैकअप, टेलीविजन और ऑक्सीजन सिलेंडर जैसे आपातकालीन चिकित्सा उपकरण शामिल हैं। रक्तदान शिविरों के संचालन के लिए सभी आवश्यक आधुनिक सुविधाएं भी इसमें उपलब्ध हैं। वैन का संचालन इलाहाबाद मेडिकल एसोसिएशन के प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ और चिकित्सकों की निगरानी में होगा। इसके माध्यम से शहर के साथ-साथ विद्यालयों, महाविद्यालयों, कॉर्पोरेट संस्थानों, आवासीय क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों में भी आसानी से रक्तदान शिविर लगाए जा सकेंगे। रोटरी इलाहाबाद मिडटाउन के अध्यक्ष रोटेरियन सीए विनय गोयल ने बताया कि यह परियोजना रक्तदान प्रक्रिया को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और सुलभ बनाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस पहल से स्वैच्छिक रक्तदान को नई गति मिलेगी और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी। यह वैन प्रयागराज और आसपास के जिलों में अपनी तरह की पहली अत्याधुनिक मोबाइल ब्लड डोनेशन वैन होगी। इससे प्रतिवर्ष हजारों लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है, जिससे क्षेत्र में रक्त की उपलब्धता में सुधार होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *