रॉ अफसर बनकर की शादी, बहन को बताया IAS, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिखाया, सच पता चलते ही टूटा रिश्ता

रॉ अफसर बनकर की शादी, बहन को बताया IAS, फर्जी ज्वाइनिंग लेटर दिखाया, सच पता चलते ही टूटा रिश्ता

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में एक युवक ने खुद को रॉ (Research and Analysis Wing) का अधिकारी बताकर एक युवती को प्रेमजाल में फंसाया, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर शादी कर ली और बाद में राज खुलने पर परिवार को जान से मारने की धमकी दी। यह सनसनीखेज मामला सामने आने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है।

20 वर्षीय पीड़िता कोमल आर्या (निवासी बेनीपुरवा, कोतवाली देहात) ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी संदीप सिंह बग्गी (निवासी सिखड़ी, गाजीपुर) से उसकी मुलाकात अगस्त 2024 में आंबेडकर चौराहे पर बस का इंतजार करते समय हुई थी। आरोपी ने खुद को रॉ अधिकारी बताया और कोमल की बहन को बहराइच में IAS अधिकारी बताकर शिक्षा विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया।

युवती को क्लर्क पद पर ज्वाइनिंग का दिया था झांसा

30 अगस्त 2024 को आरोपी ने कोमल और उसकी मां को बुलाकर उत्तर प्रदेश सरकार की मुहर वाला फर्जी नियुक्ति पत्र और आईडी कार्ड थमा दिया। उसने एक महीने के अंदर लखनऊ में क्लर्क पद पर जॉइनिंग का वादा करते हुए शादी का प्रस्ताव रखा। परिवार ने विश्वास कर सहमति दे दी। 25 अप्रैल 2025 को दोनों की शादी हुई और 14 मई 2025 को विवाह का पंजीकरण भी कराया गया।

बाद में पीड़िता को पता चला कि आरोपी न तो रॉ अधिकारी है और न ही उसकी बहन IAS है। आरोपी पहले से शादीशुदा भी है। जब यह राज खुला तो संदीप सिंह ने कोमल और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

Gonda police

पुलिस मामले में कर रही गहन जांच

एसपी के निर्देश पर कोतवाली नगर पुलिस ने आरोपी संदीप सिंह बग्गी के खिलाफ धोखाधड़ी, कूटरचना (forgery) और धमकी की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। कोतवाल विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने इसी तरीके से अन्य युवतियों या परिवारों को भी धोखा तो नहीं दिया।

पुलिस आरोपी द्वारा इस्तेमाल किए गए फर्जी दस्तावेजों की भी छानबीन कर रही है। मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने की कोशिश की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *