प्रतापगढ़ के लीलापुर थाना क्षेत्र के रानीगंज अजगरा गांव में नाली निर्माण को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। शनिवार को प्रधान, प्रधानपति और ग्रामीणों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें एक महिला घायल हो गई। बताया जा रहा है कि एक दिन पहले ही नाली का काम आधा-अधूरा होने को लेकर प्रधान और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हुई थी। इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर। शनिवार को यही विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में झड़प हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि प्रधान पक्ष ने दूसरे थाना क्षेत्र से लोगों को बुलाकर उनके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच नोकझोंक और झड़प साफ देखी जा सकती है। मारपीट में घायल महिला का इलाज कराया जा रहा है। घटना के बाद दोनों पक्ष लीलापुर थाने पहुंचे, जहां पुलिस मामले की जांच कर रही है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो वे पुलिस अधीक्षक और आईजी से शिकायत करेंगे। लीलापुर के एसओ बैकुंठनाथ पाण्डेय ने बताया कि मामला संज्ञान में है और जांच के बाद दोनों पक्षों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


