दुर्ग में दो कार्रवाई में पुलिस ने गांजा-शराब पकड़ा:जामुल में महिला के घर से 3 किलो गांजा जब्त, अंजोरा बस स्टैंड से 32 पाव शराब के साथ युवक गिरफ्तार

दुर्ग में दो कार्रवाई में पुलिस ने गांजा-शराब पकड़ा:जामुल में महिला के घर से 3 किलो गांजा जब्त, अंजोरा बस स्टैंड से 32 पाव शराब के साथ युवक गिरफ्तार

दुर्ग जिले में शनिवार को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने दो बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा और अवैध शराब बेचने वालों को पकड़ा। जामुल थाना क्षेत्र में एक महिला को घर में गांजा रखकर बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया, वहीं पुलगांव थाना के अंजोरा चौकी क्षेत्र में एक युवक को बस स्टैंड के पास अवैध शराब बेचने की तैयारी करते पकड़ा गया। पहली कार्रवाई जामुल थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भिलाई के 32 एकड़ हाउसिंग बोर्ड स्थित पीएम आवास में एक महिला अपने घर से गांजा बेच रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दबिश दी। तलाशी के दौरान महिला के पास से एक सफेद बोरी में रखा 2 किलो 880 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही 500 रुपये नकद भी जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी महिला एस. निर्मला (32 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी लंबे समय से अवैध तरीके से गांजा बेच रही थी और इससे पैसे कमा रही थी। इस मामले में एक नाबालिग की भी संलिप्तता सामने आई है, जिसके खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत अलग से कार्रवाई की जा रही है। महिला को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। बस स्टैंड के पास बेच रहा था शराब
दूसरी कार्रवाई पुलगांव थाना क्षेत्र के अंजोरा चौकी इलाके में की गई। यहां पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड के पास एक युवक अवैध शराब बेचने की तैयारी कर रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेरकर पकड़ लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से 32 पाव देशी मसाला शराब बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 3200 रुपये बताई जा रही है। आरोपी की पहचान अजय उर्फ जय ढीमर (27 वर्ष), निवासी शिव पारा दुर्ग के रूप में हुई है। उसके खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *