उन्नाव की शारदा नहर में डूबा 14 साल का किशोर:दोस्तों संग नहाने गया था, परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार किया

उन्नाव की शारदा नहर में डूबा 14 साल का किशोर:दोस्तों संग नहाने गया था, परिजनों ने पोस्टमार्टम से इनकार किया

उन्नाव के औरास थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक 14 वर्षीय किशोर की शारदा नहर में डूबने से मौत हो गई। यह घटना शोभाखेड़ा गांव के पास हुई, जब किशोर अपने दोस्तों के साथ नहर में नहाने गया था। मृतक की पहचान लखनऊ के सहादतगंज निवासी असाज अहमद (14) के रूप में हुई है। बताया गया कि असाज अपने कुछ दोस्तों के साथ औरास क्षेत्र में आया था। रविवार सुबह वे सभी शारदा नहर में नहाने पहुंचे। नहाते समय असाज का संतुलन बिगड़ गया और वह नहर के तेज बहाव की चपेट में आ गया। उसके दोस्तों ने असाज को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन नहर का तेज बहाव इतना अधिक था कि वे सफल नहीं हो सके। कुछ ही देर में असाज गहरे पानी में डूब गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग भी वहां जमा हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल खोजबीन शुरू की और काफी मशक्कत के बाद किशोर का शव नहर से बाहर निकाला। इस बीच, घटना की सूचना असाज के परिजनों को दी गई। परिजनों के मौके पर पहुंचने पर बेटे का शव देखकर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई थी। हालांकि, परिजनों ने किसी भी प्रकार की कानूनी प्रक्रिया या पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। वे बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने साथ लखनऊ ले गए। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव कुशवाहा ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन परिजनों ने कोई कार्रवाई नहीं चाही।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *