गुना में रविवार को आयोजित सीमेंट प्लांट भूमिपूजन कार्यक्रम के दौरान जेबकतरे सक्रिय हो गए। हालांकि पुलिस की सतर्कता के चलते वे वारदात को अंजाम देने से पहले ही पकड़ लिए गए। कैंट थाना पुलिस ने राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के 8 संदिग्ध जेबकतरों को गिरफ्तार किया है। रविवार को गुना के मावन में अदाणी समूह के सीमेंट प्लांट का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसमें मुख्यमंत्री मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और अदाणी समूह के प्रणव अडानी शामिल हुए। हेलीपैड से दशहरा मैदान तक रोड शो निकाला गया, जिसके बाद आमसभा हुई। भीड़ का फायदा उठाने पहुंचे थे आरोपी कैंट पुलिस के मुताबिक व्हीवीआईपी कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा और कानून व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पुलिस बल तैनात कर कार्यक्रम स्थल और आसपास लगातार निगरानी रखी जा रही थी। पुलिस के अनुसार कार्यक्रम के दौरान कुछ संदिग्ध लोग भीड़ में घुसकर जेब काटने और अन्य वारदात की फिराक में थे। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों ने उनकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए 8 लोगों को पकड़ लिया। राजस्थान, यूपी और शिवपुरी के आरोपी शामिल पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम राकेश परिहार और विक्की शाह निवासी शिवपुरी, रितिक छियार निवासी फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) तथा पूना कोरी, तोफान कोरी, मुरली कोरी, भगत गोस्वामी और करण भाट निवासी कोटा (राजस्थान) बताए। पुलिस ने आरोपियों की तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस को इनके चोरी के होने का संदेह है। मोबाइल जब्त कर उनके संबंध में जांच की जा रही है। कैंट थाना पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।


