सोहागपुर में बिजली कटौती से फूटा लोगों का गुस्सा:भाजपा-कांग्रेस पदाधिकारी युवाओं के साथ हाईवे पर बैठे, डेढ़ घंटे तक किया चक्काजाम

सोहागपुर में बिजली कटौती से फूटा लोगों का गुस्सा:भाजपा-कांग्रेस पदाधिकारी युवाओं के साथ हाईवे पर बैठे, डेढ़ घंटे तक किया चक्काजाम

नर्मदापुरम के सोहागपुर में घंटों की अघोषित कटौती के विरोध में गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। भाजपा कांग्रेस पदाधिकारियों के साथ शहर के कुछ युवा नर्मदापुरम पिपरिया स्टेट हाईवे पर बैठ गए और बिजली कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। करीब डेढ़ घंटे तक लोग बैठे रहे। बता दें गुरुवार शाम 6 बजे से बिजली कटौती शुरू हुई। जो रात 2 बजे तक जारी रही। जिससे परेशान होकर भाजपा और कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं सैकड़ों नागरिकों ने बिजली विभाग कार्यालय के समीप पेट्रोल पंप चौराहे पर चक्का जाम कर दिया। करीब डेढ़ घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौरान लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। नायब तहसीलदार राकेश खजूरिया मौके पर पहुंचे और समझाने का प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित लोग एसडीएम और बिजली कंपनी के डीजीएम को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी सरोज ने शहर की बिगड़ी बिजली व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तत्काल सुधार की मांग की। एसडीएम के मुख्यालय पर नहीं होने से नाराजगी एसडीएम प्रियंका भल्लावी के मुख्यालय पर नहीं होने की जानकारी मिली तो लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। पीड़ितों ने कहा कि जब शहर की जनता रात में सड़क पर परेशान खड़ी है, तब जिम्मेदार अधिकारी मुख्यालय से नदारद हैं। कुछ देर बाद जब बिजली कंपनी के डीजीएम मौके पर पहुंचे तब, स्थिति शांत हुई। एसडीएम भल्लावी ने बताया जिला मुख्यालय पर शुक्रवार को एक बैठक है। जिसकी तैयारी के लिए रात में ही नर्मदापुरम आ गई। सोहागपुर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली सप्लाई की व्यवस्था ठीक नहीं हैं। हमारी मीटिंग के दौरान ही कई बार बिजली कट हो जाती है। पॉवर सप्लाई की रिपोर्ट बनाकर हम कलेक्टर सर को भेजेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *