सीहोर जिले में बीते 24 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। भीषण गर्मी के कारण सड़कों पर यातायात सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रहा। इसी बीच, मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है कि इस साल मानसून अपने नियत समय से लगभग एक सप्ताह पहले आ सकता है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून इस वर्ष सामान्य समय से पहले दस्तक देगा। केरल में मानसून के जल्दी पहुंचने के अनुमान के चलते, मध्य प्रदेश में इसके 10 से 16 जून के बीच प्रवेश करने की संभावना है। मानसून बुरहानपुर, खंडवा और खरगोन के रास्ते प्रदेश में प्रवेश करेगा। इसके बाद मानसूनी हवाएं तेजी से आगे बढ़ते हुए जून के दूसरे सप्ताह, लगभग 15 जून तक सीहोर जिले को कवर कर लेंगी। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, इस बार सीहोर जिले में सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना जताई गई है। फिलहाल, पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने के कारण गर्मी और लू का दौर जारी है। 25 मई से नौतपा की शुरुआत होने जा रही है, जिससे जून के पहले सप्ताह तक तेज गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। हालांकि, जून के दूसरे हफ्ते की शुरुआत से ही प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो जाएंगी। इससे मौसम में बदलाव आएगा और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगेगी।


