त्योहारों से पहले मथुरा में पीस कमेटी की बैठक:पुलिस की चेतावनी- अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

त्योहारों से पहले मथुरा में पीस कमेटी की बैठक:पुलिस की चेतावनी- अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

मथुरा में आगामी ईद, दशहरा और अधिक मास के त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सोमवार शाम 7 बजे डीग गेट चौकी पर पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। इस बैठक में विभिन्न समुदायों के संभ्रांत और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी से आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांतिपूर्वक त्योहार मनाने की अपील की। बैठक की अध्यक्षता सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने की। इस दौरान सीओ सिटी आईपीएस आशना चौधरी समेत पुलिस और प्रशासन के कई अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने उपस्थित लोगों से त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया। सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने बताया कि आगामी त्योहारों के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने कहा कि सभी समुदायों के लोगों के साथ बैठक कर आपसी समन्वय और शांति बनाए रखने पर चर्चा हुई है। मिश्रा ने अपील की कि कोई भी व्यक्ति अफवाहों पर ध्यान न दे और न ही किसी प्रकार की भ्रामक सूचना फैलाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अफवाह फैलाकर माहौल खराब करने का प्रयास करेगा, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीओ सिटी आईपीएस आशना चौधरी ने जानकारी दी कि त्योहारों के दौरान शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और लगातार निगरानी की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति अशांति फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस बैठक में हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने प्रशासन को शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *