IPL 2026 का 40 वां मुकाबला महाराजा यादवेंद्र सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम (चंडीगढ़) में राजस्थान रॉयल्स (RR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला गया। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने पंजाब किंग्स को हरा दिया है।
PBKS VS RR: IPL 2026 का 40वां रोमांचक मुकाबला मंगलवार को रॉयल्स (RR) और पंजाब किंग्स (PBKS) के बीच खेला गया। इस मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) को 6 विकेट से हरा दिया है। इस हार के साथ ही PBKS के विजय रथ पर ब्रेक लग गया है। पंजाब किंग्स (PBKS) की IPL 2026 सीजन में यह पहली हार है।
PBKS के खिलाफ मैदान में उतरी RR की शानदार शुरुआत
पंजाब किंग्स (PBKS) से मिले 223 रनों के लक्ष्य को RR ने 4 विकेट खोकर 19.2 ओवर में हासिल कर लिया। राजस्थान रॉयल्स की IPL 2026 सीजन में यह छठी जीत है। पंजाब किंग्स से मिले 223 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत शानदार रही। वैभव सूर्यवंशी और यशस्वी जायसवाल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 3.2 ओवर में 51 रन जोड़े। वैभव ने सिर्फ 16 गेंदों का सामना करते हुए 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 43 रन बनाए। ध्रुव जुरेल बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 16 रन बनाकर आउट हुए।
कप्तान रियान पराग अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम
PBKS से मिले लक्ष्य का पीछा करने उतरी RR की अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में कप्तान रियान पराग नाकाम रहे। अच्छी शुरुआत के बावजूत पराग 16 गेंदों में 29 रन बनाने के बाद युजवेंद्र चहल का शिकार बने। वहीं, यशस्वी जायसवाल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 7 चौके और एक छक्के की मदद से 51 रन बनाए। इसके बाद शुभम दुबे और डोनोवन फेरेरा ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए 31 गेंदों में 71 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। फेरेरा ने 26 गेंदों का सामना करते हुए 52 रनों की नाबाद पारी खेली।
फेरेरा ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 3 छक्के लगाए। वहीं, शुभम ने 12 गेंदों में 3 चौके और 2 छक्कों की मदद से 31 रन बनाए और वह टीम को जीत दिलाकर लौटे। गेंदबाजी में पंजाब किंग्स की ओर से युजवेंद्र चहल ने 36 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि अर्शदीप सिंह ने एक विकेट निकाला।
PBKS ने 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 222 रन लगाए
पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 222 रन लगाए। प्रभसिमरन सिंह और प्रियांश आर्या ने मिलकर पहले विकेट के लिए 37 रन जोड़े। प्रियांश ने 11 गेंदों में 29 रन बनाए। वहीं, कूपर कोनोली ने 14 गेंदों में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 30 रन बनाए। प्रभसिमरन ने 44 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और एक छक्के की मदद से 59 रनों का योगदान दिया।
कप्तान श्रेयस अय्यर अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे। श्रेयस 27 गेंदों में 30 रन बनाकर आउट हुए। अंत के ओवरों में मार्कस स्टोइनिस ने तूफानी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए महज 22 गेंदों में 62 रनों की आतिशी पारी खेली। स्टोइनिस ने अपनी इस पारी में 281 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 4 चौके और 6 छक्के लगाए। गेंदबाजी में राजस्थान रॉयल्स की ओर से यश राज पुंजा ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए, जबकि जोफ्रा आर्चर और नांद्रे बर्गर ने एक-एक विकेट अपने नाम किया। पंजाब किंग्स को आईपीएल 2026 की पहली हार का सामना करना पड़ा है।
Sports – Patrika | CMS




