मऊ जिले के रिजर्व पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड पर शुक्रवार को रिक्रूट आरक्षियों की पासिंग आउट परेड का पूर्वाभ्यास संपन्न हुआ। यह अभ्यास प्रशिक्षण पूरा होने के बाद होने वाली मुख्य परेड से पहले आयोजित किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक मऊ कमलेश बहादुर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने परेड की सलामी ली और पूरी परेड का निरीक्षण किया। परेड के दौरान प्रशिक्षु आरक्षियों ने अनुशासन और बेहतर तालमेल का प्रदर्शन किया। रिहर्सल के दौरान सभी प्रशिक्षु आरक्षियों को देश सेवा, कर्तव्य निष्ठा और संविधान के प्रति ईमानदारी की शपथ दिलाई गई। प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आरक्षियों को सम्मानित भी किया गया। ‘अनुशासन पुलिस बल की सबसे बड़ी शक्ति’ पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर ने कहा कि अनुशासन पुलिस बल की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को अब वास्तविक सेवा में लागू करने का समय आ गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि जनता के प्रति संवेदनशीलता और अपराधियों के प्रति सख्ती ही एक अच्छे पुलिसकर्मी की पहचान है। उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं SP ने सभी रिक्रूट आरक्षियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उन्हें पूरी निष्ठा व समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी लाइन दिनेश दत्त मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक अरुण कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।


