होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका की नाकाबंदी के बीच पाकिस्तान ने खेला ‘डबल गेम’, ईरान के लिए खोले 6 इमरजेंसी जमीनी मार्ग

होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिका की नाकाबंदी के बीच पाकिस्तान ने खेला ‘डबल गेम’, ईरान के लिए खोले 6 इमरजेंसी जमीनी मार्ग

अमेरिका-ईरान तनाव को कम करने के लिए पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभाने का दावा कर रहा है। अब पाकिस्तान पर वॉशिंगटन को धोखा देने के गंभीर आरोप लग रहे हैं। प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने हाल ही में कहा था कि पाकिस्तान ईरान-अमेरिका के बीच बातचीत की सफलता के लिए पूरे प्रयास कर रहा है। अब पाकिस्तान ने ईरान के फायदे के लिए बड़ा कदम उठाया है। होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी नाकाबंदी (US blockade of Strait of Hormuz) के बीच पाकिस्तान ने ईरान के लिए जमीनी मार्ग खोल दिए हैं।

पाकिस्तान ने ईरान के लिए खोला रास्ता

होर्मुज स्ट्रेट में अमेरिकी नाकाबंदी के बीच पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय ने ईरान के लिए 6 जमीनी मार्गों को औपचारिक रूप से चालू कर दिया है। दरअसल, अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच संघर्ष के कारण होर्मुज जलडमरूमध्य से होने वाला समुद्री व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। फारस की खाड़ी का यह मार्ग काफी महत्वपूर्ण है। इस मार्ग से वैश्विक कच्चे तेल के करीब 20 प्रतिशत आवागमन होता है। नाकाबंदी और ईरानी बंदरगाहों पर लगी पाबंदियों के कारण कराची और ग्वादर बंदरगाहों पर ईरान के लिए आए 3,000 से अधिक कंटेनर फंस गए हैं।

पाकिस्तान के वाणिज्य मंत्रालय ने ‘पाकिस्तान क्षेत्र से माल पारगमन आदेश 2026’ जारी करके आपातकालीन उपाय के तहत इन मार्गों को खोलने की वैधानिक मंजूरी दे दी। इन 6 मार्गों के जरिए रूस, चीन और अन्य देशों से ईरान को सामान पहुंचाया जा सकेगा। विश्लेषकों का कहना है कि पाकिस्तान की यह कार्रवाई उसके दोहरे रवैये को उजागर करती है। एक ओर वह मध्यस्थता का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर ईरान को वैकल्पिक व्यापार मार्ग उपलब्ध कराकर अमेरिकी नाकाबंदी को बेअसर करने में मदद कर रहा है।

पाकिस्तान ने ईरान के लिए खोले 6 मार्ग

1- ग्वादर-गबद
2- कराची/पोर्ट कासिम-ल्यारी-ओरमारा-पासनी-गबद
3- कराची/पोर्ट कासिम-खुजदार-दलबंदिन-ताफ्तान
4- ग्वादर-तुर्बत-होशब-पंजगुर-नग्ग-बेसिमा-खुजदार-क्वेटा/लकपास-दलबंदिन-नोकुंडी-ताफ्तान
5- ग्वादर-ल्यारी-खुजदार-क्वेटा/लकपास-दलबंदिन-नोकुंडी-ताफ्तान
6- कराची/पोर्ट कासिम-ग्वादर-गबद

पाकिस्तान ने ईरान के लिए क्यों खोले मार्ग?

पाकिस्तान ने ईरान के लिए 6 मार्ग खोल दिए हैं। ये मार्ग 2008 में हुए पाकिस्तान-ईरान समझौते के तहत खोले गए हैं। इन सड़क मार्गों से माल और यात्रियों का परिवहन संभव है। ये सभी रास्तों पर माल परिवहन सीमा शुल्क अधिनियम 1969 के तहत नियंत्रिण होगा और बैंक गारंटी की व्यवस्था रहेगी। पाकिस्तान का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब अमेरिका ने ईरान के परमाणु कार्यक्रम को रोकने के लिए होर्मुज स्ट्रेट में नाकाबंदी जारी रखने का संकेत दिया है।

होर्मुज स्ट्रेट में नाकाबंदी का असर

क्रूड ऑयल की कीमतों पर होर्मुज स्ट्रेट में नाकाबंदी का असर दिख रहा है। होर्मुज पर जारी नाकेबंदी के बीच गुरुवार को कच्चे तेल की कीमतों ने पिछले 4 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। क्रूड ऑयल के दाम बढ़कर 125 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए हैं। दूसरी तरफ ईरान ने कहा है कि कच्चे तेल की कीमतें 140 डॉलर प्रति बैरल तक जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *