Pakistan में अमेरिकी कंपनियों का LNG प्रोजेक्ट पर 4.4 अरब डॉलर निवेश का प्लान

Pakistan में अमेरिकी कंपनियों का LNG प्रोजेक्ट पर 4.4 अरब डॉलर निवेश का प्लान

(सज्जाद हुसैन)

इस्लामाबाद, दो नवंबर डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन के समर्थन वाली अमेरिकी कंपनियों के एक समूह ने पाकिस्तान में तरलीकृत प्राकृतिक गैस (एलएनजी) की एकीकृत परियोजना के लिए 4.4 अरब अमेरिकी डॉलर तक के निवेश की योजना बनाई है। सोमवार को एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।
समाचारपत्र ‘डॉन’ में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, इस परियोजना में एलएनजी आयात, भंडारण, पुनर्गैसीकरण, पाइपलाइन से आपूर्ति और बड़े उपभोक्ताओं को बिक्री की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। पाकिस्तान में फिलहाल एलएनजी भंडारण की कोई इकाई नहीं है।
कंपनियों के इस समूह में ग्लोबल विजन एनर्जी पार्टनर्स (जीवीईपी), खानजी होल्डिंग्स और लक्जमबर्ग की जनरल मेडिटेरेनियन होल्डिंग शामिल हैं। परियोजना के लिए पोर्ट कासिम प्राधिकरण से प्रस्तावित स्थल की सहमति मिल गई है और तेल एवं गैस नियामक प्राधिकरण (ओगरा) के पास अस्थायी लाइसेंस के लिए आवेदन किया गया है।
रिपोर्ट के मुताबिक, परियोजना को अमेरिकी व्यापार एवं विकास एजेंसी के परियोजना तैयारी कार्यक्रम के तहत विचार के लिए मंजूरी मिली है। इसे अमेरिकी विकास वित्त निगम से आंशिक वित्तपोषण और अमेरिकी निर्यात-आयात बैंक से प्रौद्योगिकी, उपकरण और सेवाओं के लिए निर्यात ऋण गारंटी भी मिल सकती है।
परियोजना को दो चरणों में विकसित किया जाएगा। पहले चरण में 1.7 अरब डॉलर की लागत से चार टैंक वाला एलएनजी टर्मिनल और भंडारण सुविधा बनाई जाएगी, जिसकी सालाना क्षमता 35 अरब घन फुट होगी। दूसरे चरण में 1,100 किलोमीटर लंबी और 42-48 इंच व्यास वाली गैस पाइपलाइन बिछाई जाएगी। इसकी क्षमता प्रतिदिन करीब 1.2 अरब घन फुट होगी। इसके साथ परियोजना की कुल लागत 4.4 अरब डॉलर तक पहुंच जाएगी।
प्रस्तावित परियोजना का उद्देश्य घरेलू गैस बाजार के साथ अमेरिकी और पश्चिम एशियाई आपूर्तिकर्ताओं को जोड़ते हुए क्षेत्रीय भंडारण, गैस में परिवर्तन और कारोबार केंद्र विकसित करना है। इसके लिए परिसंपत्तियों, देनदारियों और वित्तीय जोखिमों के प्रबंधन को एक विशेष कंपनी भी बनाई गई है।
समूह स्थानीय निवेशकों को परियोजना में 10 प्रतिशत तक हिस्सेदारी देने के लिए बातचीत कर रहा है। प्रत्येक निवेशक से न्यूनतम पांच करोड़ डॉलर के निवेश की उम्मीद है। संभावित निवेशकों में केकेआर, ब्लैकस्टोन, सऊदी अरब का सार्वजनिक निवेश कोष और कुवैत निवेश प्राधिकरण शामिल हैं। हालांकि, अभी किसी निवेशक की पक्की प्रतिबद्धता की पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *