PAK vs SL Tri Series 2026 1st ODI Highlights: रविवार को ट्राई सीरीज 2026 के पहले मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका को 37 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल पाई और 305 रन पर ऑलआउट हो गई। 306 रन के जवाब में श्रीलंका की टीम भी 48.1 ओवर में ही 268 रन पर ऑलआउट हो गई। एक समय इस मैच में श्रीलंका आसानी से जीत की ओर बढ़ रही थी लेकिन 44वें ओवर में हारिस रऊफ के एक विकेट ने मैच का रुख पलट दिया और पाकिस्तान ने लगभग हारे हुए मुकाबले में जीत हासिल कर ली। इस जीत के साथ अब उसे 2 अंक मिल गए हैं।
कैसे एक विकेट से पलटा मैच?
37 ओवर तक श्रीलंका ने 4 विकेट गंवाकर 210 रन बना लिए थे और यहां से मैच उनके हाथ में जाता हुआ लग रहा था लेकिन अगले ही ओवर में फहीम असरफ ने पवन रत्नायके को सलमान आगा के हाथों कैच कराकर बड़ा झटका दिया। हालांकि रत्नायके के आउट होने के बाद मैच जिताने की जिम्मेदारी दासुन शनाका और जनिथ लियानागे के कंधो पर आ गई। 41वें ओवर में लियानागे ने अपना अर्धशतक पूरा किया। लेकिन 44वें ओवर में लियानागे के आउट होने से मैच का रुख पूरी तरह बदल गया।
44वें ओवर की चौथी गेंद पर लियानागे बाबर आजम को कैच दे बैठे। उन्होंने 74 गेंदों में 60 रन की पारी खेली। इस विकेट ने पाकिस्तान की जीत की उम्मीदें जगा दी और 45वें ओवर में दासुन शनाका के आउट होने के बाद लगभग पाकिस्तान जीत सुनिश्चित हो गई। 46वें ओवर में 2 विकेट और गिर गए। पहले सचिंदू कोलंबागे को नसीम शाह ने आउट किया और फिर अगली गेंद पर इशान मलिंगा रनआउट हो गए। 49वें ओवर की पहली गेंद पर असिथा फर्नांडो को हारिस रऊफ ने बोल्ड कर जीत पर पाकिस्तान की मुहर लगा दी।
सलमान आगा ने जड़ा शानदार शतक
इससे पहले श्रीलंका ने टॉस जीतकर पाकिस्तान को पहले बल्लेबाजी करने का न्यौता दिया। पाकिस्तान के दोनों ओपनर्स फखर जमान और सैम आयूब सस्ते में पवेलियन लौट गए। इसके बाद बाबर आजम और साद बैग ने पारी संभाली। बाबर 45 रन बनाकर पवेलियन लौटे, तो साद ने 39 रन की पारी खेली। इसके बाद सलमान आगा ने शानदार शतक जड़ दिया। वह 90 गेंदों में 107 रन बनाकर आउट हुए, जिसमें 10 चौके और एक छक्का शामिल था।
सलमान के आउट होने के बाद पाकिस्तान का टेल एंडर्स ताश के पत्तों की तरह बिखर गया और पूरी टीम 49.5 ओवर में ऑलआउट हो गई। ईशान मलिंगा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट चटकाए तो असिथा फर्नांडो ने 3 और दिलशान मधुशंका ने 2 विकेट हासिल किए।
306 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंका की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने 91 रन पर ही 4 विकेट गंवा दिए। हालांकि इसके बाद पवन रत्नायके और जनिथ लियानागे के बीच 119 रन की साझेदारी हुई, जिसने श्रीलंका की जीत की उम्मीदें जगा दीं। 38वें ओवर में पवन 79 रन बनाकर आउट हुए। 44वें ओवर में जनिथ 60 रन बनाकर आउट हुए और यहीं से मैच का रुख पलट गया। दोनों के आउट होने के बाद आखिरी 4 विकेटों के लिए सिर्फ 17 रन की साझेदारी हुई और श्रीलंका 37 रन पहले ही ऑलआउट हो गई।





