RPSC प्राध्यापक-भर्ती में फर्जी एमए डिग्री जारी करने वाला गिरफ्तार:मेवाड़ यूनिवर्सिटी का कार्यालय सहायक ने मेल आईडी से प्रिंटिंग प्रेस को भेजा था डिग्री का प्रारूप

RPSC प्राध्यापक-भर्ती में फर्जी एमए डिग्री जारी करने वाला गिरफ्तार:मेवाड़ यूनिवर्सिटी का कार्यालय सहायक ने मेल आईडी से प्रिंटिंग प्रेस को भेजा था डिग्री का प्रारूप

राजस्थान लोक सेवा आयोग की प्राध्यापक हिन्दी (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2022 में फर्जी डिग्री के जरिए नियुक्ति हासिल करने के मामले में एसओजी ने मेवाड़ यूनिवर्सिटी के कार्यालय सहायक वीरेन्द्र सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर फर्जी एमए (हिन्दी) डिग्री तैयार कराने और जारी करने में सहयोग करने का आरोप है। अभ्यर्थी ने आयोग में पेश की थी फर्जी डिग्री एडीजी एसओजी विशाल बंसल ने बताया कि अभ्यर्थी ब्रह्मा कुमारी ने राजस्थान लोक सेवा आयोग में मेवाड़ यूनिवर्सिटी, गंगरार चित्तौड़गढ़ से जारी एमए (हिन्दी) की डिग्री प्रस्तुत की थी। आयोग द्वारा सत्यापन कराने पर यह डिग्री फर्जी पाई गई और विश्वविद्यालय की ओर से जारी नहीं होना सामने आया। इसके बाद राजस्थान लोक सेवा आयोग की शिकायत पर थाना सिविल लाइन अजमेर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मेल आईडी से प्रिंटिंग प्रेस को भेजा गया था डिग्री का प्रारूप जांच में सामने आया कि मेवाड़ यूनिवर्सिटी गंगरार के फाइलिंग असिस्टेंट वीरेन्द्र सिंह ने अन्य अधिकारियों के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। आरोपी ने अपनी ईमेल आईडी से दिल्ली स्थित प्रिंटिंग प्रेस को फर्जी डिग्री छापने के लिए मेल भेजा था। इसके बाद डिग्री छपवाकर यूनिवर्सिटी मंगवाई गई और उस पर अधिकारियों के हस्ताक्षर कर अभ्यर्थी को उपलब्ध कराया गया। 30 मई तक पुलिस रिमांड पर आरोपी एसओजी ने आरोपी वीरेन्द्र सिंह को डिटेन करने के बाद बुधवार को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे 30 मई तक पुलिस रिमांड पर भेजा गया है। मामले में आगे की पूछताछ और जांच जारी है। पहले भी फर्जी डिग्री मामलों में हो चुका गिरफ्तार आरोपी की पहचान वीरेन्द्र सिंह पुत्र तिलक राम पंवार निवासी आदमपुर पोस्ट दोगाथ, पुलिस थाना दोगाथ जिला बडोत जी. बागपत, उत्तर प्रदेश हाल निवास 4/12, सेक्टर-5, राजेन्द्र नगर, शाहिबाबाद, गाजियाबाद के रूप में हुई है। जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी वीरेन्द्र सिंह पूर्व में भी फर्जी डिग्री जारी करने के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उसके खिलाफ अजमेर के सिविल लाइन थाने में पहले से एक मामला दर्ज है। इसके अलावा गुजरात के आनंद थाने में भी उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। अब तक 12 आरोपी गिरफ्तार एसओजी के अनुसार इस पूरे फर्जी डिग्री प्रकरण में फर्जी डिग्री प्राप्त करने वाली अभ्यर्थी ब्रह्मा कुमारी सहित अब तक कुल 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *