यूपी मेट्रो में लागू होगा ‘वन नेशन, वन कार्ड’,:देशभर की मेट्रो में चलेगा एक ही कार्ड; स्टेशन पर होगी कार्ड बनाने की सुविधा

यूपी मेट्रो में लागू होगा ‘वन नेशन, वन कार्ड’,:देशभर की मेट्रो में चलेगा एक ही कार्ड; स्टेशन पर होगी कार्ड बनाने की सुविधा

उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (UPMRC) 15 जून से नेशनल कॉमन मोबिलिटी कार्ड (NCMC) सेवा शुरू करने जा रहा है। इसके लागू होने के बाद यात्रियों को अलग-अलग शहरों की मेट्रो के लिए अलग कार्ड रखने की जरूरत नहीं होगी। एक ही कार्ड से देश के कई शहरों की मेट्रो और अन्य सार्वजनिक परिवहन सेवाओं का इस्तेमाल किया जा सकेगा। यूपीएमआरसी के मौजूदा स्मार्ट कार्ड की जगह अब एनसीएमसी कार्ड मिलेगा। पुराने कार्डधारक भी इसे बदलकर नया कार्ड ले सकेंगे। इस कार्ड के जरिए यात्री लखनऊ, कानपुर और आगरा मेट्रो के अलावा दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और बेंगलुरु समेत उन सभी मेट्रो नेटवर्क में यात्रा कर सकेंगे, जहां एनसीएमसी सुविधा उपलब्ध है। इससे दूसरे शहरों में यात्रा के दौरान नया टिकट या कार्ड लेने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। मेट्रो अधिकारियों के अनुसार, एनसीएमसी केवल मेट्रो यात्रा तक सीमित नहीं रहेगा। इसका उपयोग बस यात्रा, पार्किंग शुल्क, टोल टैक्स भुगतान और खुदरा खरीदारी में भी किया जा सकेगा। यह कार्ड प्रीपेड, डेबिट या क्रेडिट कार्ड के रूप में भी काम कर सकता है, जो जारी करने वाले बैंक पर निर्भर करेगा। कार्ड में एनएफसी आधारित कॉन्टैक्टलेस तकनीक दी गई है, जिससे यात्री सिर्फ टैप कर भुगतान कर सकेंगे। इसमें ऑफलाइन ट्रांजिट वॉलेट की सुविधा भी होगी, जिससे इंटरनेट न होने पर भी मेट्रो स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार पर किराया स्वतः कट जाएगा। इससे यात्रियों की आवाजाही तेज होगी और स्टेशनों पर भीड़ कम होगी। 15 जून से पहले एनसीएमसी कार्ड यात्रियों को नामित काउंटरों और साझेदार बैंकों के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *