मेरठ में सेना भर्ती घोटाले में एक गिरफ्तार:मुख्य आरोपी पवन चौधरी फरार, लाखों की धोखाधड़ी का मामला

मेरठ में सेना भर्ती घोटाले में एक गिरफ्तार:मुख्य आरोपी पवन चौधरी फरार, लाखों की धोखाधड़ी का मामला

मेरठ के सदर बाजार थाना पुलिस ने आर्मी बेस वर्कशॉप में फर्जी भर्ती के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी युवकों को सेना में नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपये ठगता था। पुलिस ने राहुल कुमार नामक आरोपी को पकड़ा है, जबकि मुख्य आरोपी पवन चौधरी की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, 510 आर्मी बेस वर्कशॉप से शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। जांच में पता चला कि हाथरस निवासी पवन चौधरी ने आगरा के राहुल कुमार को ट्रेडमैन पद पर भर्ती कराने के लिए 12 लाख रुपये का सौदा किया था। पवन चौधरी ने राहुल कुमार के मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र अपने पास रख लिए थे, ताकि भर्ती प्रक्रिया में फर्जीवाड़ा किया जा सके। जानकारी के मुताबिक, पवन चौधरी ने स्वयं राहुल कुमार बनकर बायोमेट्रिक कराने का प्रयास किया था। इसके बाद राहुल कुमार ने अपने मोबाइल के डिजी लॉकर से प्रमाण पत्र दिखाकर बायोमेट्रिक कराने की कोशिश की। इस धोखाधड़ी का खुलासा होने पर सदर बाजार थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी के निर्देश पर सदर बाजार पुलिस ने आरोपी राहुल कुमार को कंकरखेड़ा फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया। पुलिस राहुल कुमार से पूछताछ कर रही है और इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर उसे जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *