ज्येष्ठ के दूसरे बड़े मंगलवार पर प्रयागराज में उमड़ी भीड़:लेटे हनुमान मंदिर में छप्पन भोग, विशेष पूजा; शाम को होगा दिव्य श्रृंगार

ज्येष्ठ के दूसरे बड़े मंगलवार पर प्रयागराज में उमड़ी भीड़:लेटे हनुमान मंदिर में छप्पन भोग, विशेष पूजा; शाम को होगा दिव्य श्रृंगार

प्रयागराज में ज्येष्ठ माह के दूसरे ‘बड़े मंगलवार’ पर संगम नगरी हनुमान भक्ति में लीन दिखी। विश्व प्रसिद्ध श्री बड़े हनुमान मंदिर (लेटे हुए हनुमान जी) में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भीषण गर्मी के बावजूद भक्तों का उत्साह चरम पर था और मंदिर परिसर ‘जय श्री राम’ व ‘जय हनुमान’ के जयकारों से गूंज उठा। मंगलवार तड़के मंगला आरती के साथ ही दर्शनों का सिलसिला शुरू हो गया। संगम में डुबकी लगाने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीधे बंधवा स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे। भक्तों ने बजरंगबली को तुलसी की माला, बेसन के लड्डू और चोला अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर परिसर में जगह-जगह बैठकर श्रद्धालु हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ करते नजर आए। मान्यता है कि ज्येष्ठ के मंगलवार को हनुमान जी की आराधना करने से जीवन के बड़े से बड़े संकट टल जाते हैं। मंदिर प्रशासन के अनुसार, आज के दिन का विशेष आकर्षण शाम को होने वाला ‘भव्य दिव्य श्रृंगार’ होगा। सुबह प्रतिमा का फूलों और ऋतु फलों से मनमोहक श्रृंगार किया गया था, लेकिन शाम को श्री बड़े लेटे हनुमान जी का विशेष महाश्रृंगार किया जाएगा। हनुमान जी को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग भी लगाया जा रहा है। ज्योतिषीय और आध्यात्मिक दृष्टि से यह दिन अत्यंत शुभ माना जा रहा है। आरोग्य के देवता के रूप में पूजे जाने वाले लेटे हुए हनुमान जी के दर्शन के लिए न केवल प्रयागराज, बल्कि पड़ोसी जिलों और अन्य राज्यों से भी श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस बल मुस्तैद है। भक्तों से शांतिपूर्वक कतार में लगकर दर्शन करने की अपील की जा रही है। शाम को होने वाले भव्य श्रृंगार की छटा का आनंद लेने के लिए भी भारी संख्या में भक्तों के जुटने की संभावना है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *