रायसेन जिले में गंगा दशहरा के अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत चौपड़ा तालाब के समीप जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का शुभारंभ सांची विधायक डॉ. प्रभुराम चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन और कलेक्टर अरुण कुमार विश्वकर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। अभियान के अंतर्गत विधायक डॉ. चौधरी, जिला पंचायत अध्यक्ष मीणा, नगर पालिका अध्यक्ष सेन, कलेक्टर विश्वकर्मा और जिला पंचायत सीईओ सोलंकी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने श्रमदान कर तालाब की सफाई की। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. चौधरी ने जल संरक्षण की वर्तमान आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए आज जल का संरक्षण करना अत्यंत आवश्यक है। पर्यावरण बचाने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया
डॉ. चौधरी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा शुरू किए गए इस अभियान को जल और पर्यावरण बचाने का महत्वपूर्ण प्रयास बताया, जिसमें जनभागीदारी से जल स्रोतों की सफाई और जीर्णोद्धार किया जा रहा है। उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाए रखने, जल स्रोतों को जीवित रखने, तापमान वृद्धि रोकने और भू-जल स्तर को संतुलित करने के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण तथा वर्षा जल संचयन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी नहीं, बल्कि हरियाली बचाने का भी अभियान है। नगर को साफ और स्वच्छ बनाए रखने की शपथ ली
जिला पंचायत अध्यक्ष यशवंत मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि पुराने जल स्रोत जैसे कुएं, तालाब, बावड़ी और नदियां सूख रहे हैं, जबकि हैंडपंप और नलकूपों का जलस्तर भी नीचे जा रहा है। उन्होंने इस स्थिति को रोकने के लिए गंभीरता से प्रयास करने का आह्वान किया। मीणा ने पौधरोपण ऐसी जगह करने की सलाह दी, जहां पौधे सुरक्षित रहें और उनकी उचित देखरेख हो, ताकि वे वृक्ष का आकार ले सकें। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष सविता सेन ने भी संबोधित किया। सीएमओ रायसेन सुरेखा जाटव द्वारा रायसेन में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों के बारे में अवगत कराया गया। कार्यक्रम में साथ ही सभी ने अपने घर, मोहल्ले, वार्ड और नगर को साफ और स्वच्छ बनाए रखने की शपथ भी ली। इस अवसर पर पार्षदगण, अधिकारी, कर्मचारी और नागरिक उपस्थित रहे।


