सीतापुर में ज्येष्ठ माह के पांचवें मंगलवार को पूरे जिले में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों सहित विभिन्न मोहल्लों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान हनुमान का आशीर्वाद प्राप्त किया। हिंदू धर्म में ज्येष्ठ माह के मंगलवार, जिन्हें बड़े मंगल के नाम से जाना जाता है, विशेष महत्व रखते हैं। मान्यता है कि इस दिन भगवान हनुमान की पूजा-अर्चना करने और जरूरतमंदों को भोजन कराने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। इसी परंपरा के तहत जिले भर में श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों द्वारा भंडारों का आयोजन किया गया। शहर में आयोजित विभिन्न भंडारों में प्रदेश सरकार के कारागार राज्य मंत्री सुरेश राही, नगर विकास राज्य मंत्री राकेश राठौर ‘गुरु’ तथा महमूदाबाद की भाजपा विधायक आशा मौर्य भी शामिल हुईं। जनप्रतिनिधियों ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया और बड़े मंगल की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान भक्ति गीतों और जय श्रीराम तथा जय बजरंगबली के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा। वहीं सदर तहसील परिसर में भी विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। यहां उप जिलाधिकारी सदर डॉ जनार्दन ने स्वयं श्रद्धालुओं को पूरी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया। प्रशासनिक अधिकारियों की सहभागिता से आयोजन में विशेष उत्साह देखने को मिला। भंडारों में महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। कई स्थानों पर शीतल पेयजल और शरबत की भी व्यवस्था की गई। पूरे दिन चले इन आयोजनों ने सामाजिक समरसता और सेवा भाव का संदेश दिया। ज्येष्ठ माह के पांचवें मंगल पर सीतापुर में आस्था, सेवा और भक्ति का यह उत्सव देर शाम तक पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया।


