गाजीपुर के सचिन चौरसिया अपहरण मामले में अदालत ने कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडे के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। सचिन चौरसिया मिश्रबाजार के व्यापारी और सचिन गारमेंट्स के संचालक हैं। यह घटना 5 सितंबर 2024 को हुई थी, जब शंकर पांडे ने अपने साथियों के साथ मिलकर सचिन चौरसिया को एक काली स्कॉर्पियो में जबरन बैठाकर मारपीट की और उनका अपहरण कर लिया था। इस मामले में पहले से ही आपराधिक मुकदमा दर्ज है। विशेष लोक अभियोजक अखिलेश सिंह ने बताया कि मामले की सुनवाई के दौरान आरोपी शंकर पांडे अदालत में अनुपस्थित रहे। इसके बाद एडीजे प्रथम शक्ति सिंह की अदालत ने उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया। इस अपहरण कांड में हाल ही में पुलिस मुठभेड़ में मारे गए कमलेश बिंद का नाम भी सामने आया था। अखिलेश सिंह के अनुसार, शंकर पांडे के खिलाफ वर्ष 2020 के एक हत्या के मामले में भी सकलेनाबाद क्षेत्र से गैर-जमानती वारंट जारी हो चुका है। वह चर्चित होटल व्यवसायी विनीत राय हत्याकांड में भी नामजद है, जिसमें पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। पुलिस शंकर पांडे की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।


