Nagar Panchayat Election: शिवनंदनपुर में कल पहली बार होगा मतदान, 4 हजार 642 वोटर करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

Nagar Panchayat Election: शिवनंदनपुर में कल पहली बार होगा मतदान, 4 हजार 642 वोटर करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला

विश्रामपुर। नवगठित नगर पंचायत शिवनंदनपुर (Nagar Panchayat Election) में आज 1 जून को मतदान होगा। इसके लिए निर्वाचन आयोग द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई है। नगर पंचायत में अध्यक्ष पद सहित 15 वार्ड पार्षदों के लिए वोटिंग होनी है। कुल 4 हजार 642 मतदाता आज मतदान के जरिए प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे। यहां 2 हजार 335 पुरुष व 2 हजार 307 महिला मतदाता हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए वार्डवार मतदान केंद्र बनाए गए हैं। नगर सरकार बनाने के लिए भाजपा व कांग्रेस ने पूरी ताकत झोंक दी है। इसका नजारा चुनाव प्रचार में भी देखने को मिला।

शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव में एक तरफ सत्तासीन भाजपा (BJP leaders) की तरफ से जहां मंत्रियों, विधायकों व संगठन के बड़े नेता प्रचार में दिन-रात एक करते नजर आए। वहीं कांग्रेस की तरफ से पूर्व डिप्टी सीएम, पूर्व विधायक व वरिष्ठ नेता प्रचार में लगे रहे। भटगांव विधायक एवं कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े का गृह विधानसभा क्षेत्र होने के कारण यह चुनाव उनकी प्रतिष्ठा का विषय बना हुआ है।

चुनाव के मद्देनजर रविवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का उद्देश्य क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ मतदाताओं में भयमुक्त वातावरण का विश्वास कायम करना रहा। फ्लैग मार्च नगर पंचायत के विभिन्न वार्डों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा।

Nagar Panchayat Election
Nagar Panchayat Shivnandanpur (Photo- Patrika)

इस दौरान सूरजपुर एसडीएम शिवानी जायसवाल (Surajpur SDM) के नेतृत्व में पुलिस बल, अधिकारी एवं सुरक्षा जवानों ने क्षेत्र का भ्रमण कर आम नागरिकों को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान में सहयोग करने की अपील की

कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्ती

फ्लैग मार्च निकालकर असामाजिक तत्वों और चुनावी माहौल खराब करने की कोशिश करने वालों को संदेश दिया गया कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त (Strict action) कार्रवाई की जाएगी। शिवनंदनपुर में पहली बार नगर पंचायत चुनाव होने जा रहे हैं, जिस कारण स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। यहां पर आज अलग अलग मतदान केंद्रों में मतदाताओं द्वारा अपने मताधिकार का उपयोग किया जाएगा।

Nagar Panchayat Election: सभी नागरिक करें मताधिकार का प्रयोग

फ्लैग मार्च के दौरान बाजार क्षेत्र, चौक-चौराहों और संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखी गई। एसडीएम ने लोगों से संवाद करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में सभी नागरिक बिना किसी दबाव और डर के अपने मताधिकार (Votiong) का प्रयोग करें। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *