Mumbai Fire: ताड़देव में 16 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग; नवी मुंबई में धू-धू कर जला थिएटर

Mumbai Fire: ताड़देव में 16 मंजिला इमारत में लगी भीषण आग; नवी मुंबई में धू-धू कर जला थिएटर

Mumbai Fire News: दक्षिण-मध्य मुंबई के ताड़देव इलाके (Tardeo Fire) में शुक्रवार को एक रिहायशी इमारत में आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक, 16 मंजिला ‘साई लीला कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी’ की तीसरी मंजिल पर आज दोपहर आग भड़क उठी।

नगर निकाय अधिकारियों के अनुसार, यह घटना दोपहर 12 बजकर 44 मिनट पर एमपी मिल कंपाउंड (MP Mill Compound) स्थित साई लीला इमारत (Sai Leela Tower) में हुई। शुरुआती जानकारी मिलते ही मुंबई अग्निशमन दल तुरंत हरकत में आया। हालांकि तब तक इमारत के रहवासी सुरक्षित बाहर निकल आए थे। घटना के बाद इमारत और आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

दमकल की कई गाड़ियां मौके पर, राहत-बचाव जारी

आग बुझाने के लिए कम से कम चार दमकल गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया है। इसके अलावा पुलिस विभाग, बृहन्मुंबई विद्युत आपूर्ति एवं परिवहन उपक्रम (बेस्ट) और नगर निगम के वार्ड कर्मचारी भी घटनास्थल पर मौजूद हैं। प्रथम दृष्टया आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगने का अंदेशा जताया जा रहा है। अधिकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह फिलहाल पता नहीं चल सकी है और जांच जारी है।

अधिकारियों के मुताबिक, अब तक इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है। दमकल कर्मी आग पर काबू पाने में सफल हुए हैं। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।

नवी मुंबई में जला थिएटर, कर्मचारियों को बचाया गया

नवी मुंबई (Navi Mumbai) के ऐरोली इलाके (Airoli Fire Update) में आज एक नवनिर्मित थिएटर में आग लग गई। आग लगने के बाद कुछ कर्मचारी थिएटर की छत पर चले गए और वहीं फंस आगे। उन्हें बाद में दमकल कर्मियों की मदद से रेस्क्यू किया गया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

नवी मुंबई नगर निगम के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ (आरडीएमसी) के प्रमुख सचिन कदम ने बताया कि ऐरोली सेक्टर 4 स्थित थिएटर में आग लगने की सूचना दोपहर 12:50 बजे मिली। दमकल विभाग की गाड़ियां, पुलिस और नगर निगम कर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे। एक घंटे के भीतर ही आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *