मां कपड़े धो रही थी, तालाब में डूबी बच्ची:सतना में नहाते समय गहरे पानी में गई 10 साल की मासूम, ग्रामीणों ने निकाला शव

मां कपड़े धो रही थी, तालाब में डूबी बच्ची:सतना में नहाते समय गहरे पानी में गई 10 साल की मासूम, ग्रामीणों ने निकाला शव

सतना जिले के नागौद थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सितपुरा गांव में नहाने के दौरान 10 साल की एक मासूम बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई। हादसे के वक्त बच्ची की मां भी किनारे पर ही मौजूद थी और कपड़े धो रही थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बच्ची की पहचान सितपुरा निवासी 10 वर्षीय राधिका (पिता करण कोल) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब सवा 10 बजे राधिका अपनी मां सिया कोल के साथ गांव के ही ‘मूर्तिहा तालाब’ पर गई थी। यह तालाब उनके घर से महज 200 मीटर की दूरी पर स्थित है। नहाते वक्त गहरे पानी में समाई मासूम
हादसे के संबंध में परिजनों ने बताया कि राधिका की मां सिया तालाब किनारे कपड़े धोने में व्यस्त हो गई थी। इसी दौरान राधिका अकेले ही नहाने के लिए तालाब में उतर गई। नहाते-नहाते वह अचानक गहरे पानी की तरफ चली गई और डूबने लगी। कुछ देर बाद जब मां की नजर पड़ी तो बच्ची वहां नजर नहीं आई। घबराई मां ने तुरंत उसे खोजना शुरू किया और मदद के लिए जोर-जोर से शोर मचाया। ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला गया शव
मां की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण भागकर मौके पर पहुंचे और तालाब में बच्ची की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत और खोजबीन के बाद ग्रामीणों ने बच्ची को पानी से बाहर निकाल लिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद नागौद थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *