फर्रुखाबाद में शनिवार शाम 7 बजे के करीब एक बंदर को बिजली का करंट लग गया। वह पोल से नीचे गिर गया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने उसे 15 मिनट तक थपथपाकर बचाया। होश आने पर वहां मौजूद लोगों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। यह घटना फर्रुखाबाद शहर के लाल सराय पानी की टंकी के पास शाम 7 बजे के करीब हुई। बंदर एक विद्युत पोल से चिपक गया और करंट लगने के बाद सड़क पर आ गिरा। पास की दुकान पर बैठे सब्जी विक्रेता कमलू ने तुरंत बोरिया डालकर बंदर को रगड़ना और दबाना शुरू कर दिया। वहां से गुजर रहे आशीष भदौरिया भी मदद के लिए रुक गए और बंदर के हाथ-पैरों को तेजी से रगड़ने लगे। करीब 15 मिनट तक चले इस प्रयास के बाद बंदर ने हल्का झटका लिया और उठने की कोशिश की। इस पर वहां मौजूद लोगों ने ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। हालांकि, बंदर एक बार फिर गिर गया, जिसके बाद उसे दोबारा रगड़ा गया। कुछ देर बाद बंदर उठकर चला गया।बंदर की जान बचाने के लिए दोनों युवकों, कमलू और आशीष भदौरिया की लोगों ने खूब सराहना की। लाल सराय पानी की टंकी वाला रास्ता फर्रुखाबाद शहर में अंदर की ओर जाता है। बंदर गिरा और वहां दो युवक उसको रगड़ने लगे। ऐसे में लोगों की भीड़ जमा हो गई। भीड़ लगने पर सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। वहां मौजूद पिकेट ने लोगों को सड़क से हटाया। तब जाकर वाहनों का आवागमन शुरू हुआ।


