डूंगरपुर शहर में शुक्रवार देर शाम गृह मंत्रालय के निर्देशों पर एक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस अभ्यास में गेपसागर की पाल पर एयर स्ट्राइक के बाद आग लगने और घायलों के बचाव का दृश्य बनाया गया। अधिकारियों ने राहत कार्यों का जायजा लिया।
रात 8 बजकर 8 मिनट पर शहर के गेपसागर की पाल पर एयर स्ट्राइक का संदेश प्रसारित किया गया। इसके तुरंत बाद आग लगने और कई लोगों के घायल होने की सूचना मिली, जिस पर विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
फायर ब्रिगेड की टीम ने आग बुझाने का काम शुरू किया, जबकि स्वास्थ्यकर्मी और स्काउट गाइड की टीमें बचाव एवं राहत कार्यों में जुट गईं। घायलों को सुरक्षित निकालने का अभ्यास किया गया।
जिला कलेक्टर देशलदान और एसपी मनीष कुमार की मौजूदगी में यह मॉक ड्रिल हुई। प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रत्येक विभाग की गतिविधि और उनके प्रतिक्रिया समय को बारीकी से नोट किया। इस दौरान शहर में करीब 10 मिनट के लिए बिजली गुल कर दी गई, जिससे सड़कों और कॉलोनियों में अंधेरा छा गया। नागरिकों ने भी ब्लैकआउट के तहत अपने घरों की बिजली बंद रखी। कलेक्टर और एसपी ने बताया कि यह मॉक ड्रिल किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों का आकलन करने के लिए गृह मंत्रालय के निर्देशों पर आयोजित की गई थी।


