पीलीभीत में गन्ना भुगतान न होने और बंद पड़ी चीनी मिलों को दोबारा शुरू करने की मांग को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार के नेतृत्व में हजारों किसानों ने एकजुट होकर गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार के आवास का घेराव किया। इस दौरान किसानों ने सरकार और चीनी मिल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का आरोप है कि बरखेड़ा चीनी मिल सहित जिले की अन्य मिलों द्वारा गन्ने का समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा है, जिससे वे गंभीर आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। भुगतान न मिलने के कारण किसानों के सामने परिवार के भरण-पोषण की समस्या भी खड़ी हो गई है। किसानों ने लंबे समय से बंद पड़ी मझोला चीनी मिल को फिर से चालू करने की भी मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार ने मौके से ही गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार से फोन पर बातचीत की और किसानों की समस्याओं से अवगत कराया। मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर पर वार्ता कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया। फिलहाल किसान मंत्री के आवास पर डटे हुए हैं और ठोस आश्वासन का इंतजार कर रहे हैं। कांग्रेस नेता कुमुद गंगवार ने कहा कि अन्नदाता अपने ही हक के पैसे के लिए भटकने को मजबूर हैं, यदि भुगतान और मिल संचालन को लेकर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। किसानों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी न होने पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


