राजधानी रांची स्थित रिम्स (राजेन्द्र चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल) में शनिवार को एमबीबीएस के एक छात्र ने सुसाइड का प्रयास किया। उसने हॉस्टल के कमरे में फंदा लगा जान देने की कोशिश की। हालांकि समय रहते अन्य छात्रों और हॉस्टल प्रबंधन ने उसे बचा लिया और कमरे का दरवाजा तोड़ छात्र को बाहर निकाला। फिलहाल छात्र को ट्रामा सेंटर में भर्ती किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। हॉस्टल नंबर 8 के एचआईजी ब्लॉक में अपने कमरे में लगाई फांसी छात्र की पहचान अक्षित कुजूर के रूप में की गई है। वो हॉस्टल नंबर 8 के एचआईजी ब्लॉक में रहता है। अक्षित ने सुसाइड का प्रयास क्यों किया, फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। इधर, घटना की सूचना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और जांच में जुट गई है। डॉक्टर के मुताबिक, छात्र की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। अक्षित ने रिम्स परिसर स्थित हॉस्टल नंबर 8 के एचआईजी ब्लॉक में अपने कमरे के अंदर फांसी लगा ली थी।


