आगामी वर्षाकाल के दौरान शहर में जलभराव की संभावित स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। सिटी बस ऑफिस में महापौर पुष्यमित्र भार्गव और नगर निगम कमिश्नर क्षितिज सिंघल की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य वर्षा ऋतु के दौरान लोगों को होने वाली असुविधाओं को शून्य करना और जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना था। जलभराव वाले हॉटस्पॉट्स पर विशेष नजर बैठक के दौरान शहर के उन चिन्हित क्षेत्रों की विस्तृत समीक्षा की गई, जहां हर साल बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती है। महापौर और निगम कमिश्नर ने निर्देश दिए कि ऐसे सभी स्थानों पर पूर्व तैयारी के साथ जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और बारिश शुरू होने से पहले सभी आवश्यक काम पूरे कर लिए जाए। नालों-चैंबरों की नियमित सफाई, कर्मचारियों की ड्यूटी समीक्षा के दौरान शहर की स्टॉर्म वॉटर लाइन, नालों एवं चैंबरों की नियमित सफाई, जलभराव क्षेत्रों में कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारण, जल निकासी हेतु मोटर पंप, गैती, फावड़ा, रस्सी, टॉर्च, संबल एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बारिश के दौरान किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के लिए सभी संसाधन एवं अमला तैयार रहे। बारिश में भी चले ट्रैफिक सिग्नल महापौर भार्गव ने कहा कि शहर के ऐसे स्थान जहां हर साल जल जमाव की समस्या उत्पन्न होती है, वहां स्थायी एवं प्रभावी समाधान के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर काम किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि बारिश के दौरान शहर के ट्रैफिक सिग्नल सुचारू रूप से संचालित रहें तथा किसी भी स्थिति में बंद न हों, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े। बैठक में शहर में चल रहे विभिन्न सड़क, पुलिया एवं अन्य निर्माण कामों की भी समीक्षा की गई। निगम कमिश्नर ने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध, बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएं, ताकि बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न बने। इसके साथ ही शहर में संचालित मेट्रो परियोजना के निर्माण स्थलों पर भी जल निकासी की पर्याप्त एवं प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सर्विस रोड पर पेचवर्क और मरम्मत काम कराए जाएं समीक्षा बैठक के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों एवं सर्विस रोड की स्थिति पर भी चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जिन स्थानों पर सर्विस रोड से बड़ी मात्रा में यातायात मुख्य मार्ग अथवा प्रमुख चौराहों से जुड़ता है, वहां आवश्यकता अनुसार तत्काल पेचवर्क एवं मरम्मत कार्य कराए जाएं, जिससे वर्षा के दौरान यातायात सुरक्षित एवं सुचारू बना रहे। लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता महापौर और निगम कमिश्नर ने विशेष रूप से शहर की निचली बस्तियों एवं जलभराव प्रभावित क्षेत्रों के संबंध में कहा कि ज्यादा बारिश की स्थिति में वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। जरूरत पड़ने पर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी रूप से विस्थापित करने एवं राहत संबंधी व्यवस्थाएं पूर्व से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा जहां बड़े निर्माण काम चल रहे है, उसे लेकर कहा कि बारिश शुरू होने से पहले ऐसी सभी जगह पर्याप्त लाइट व्यवस्था करें। बैठक में ये हुए थे शामिल बैठक में जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा बबलू, महापौर प्रतिनिधि भारत पारख, सभी अपर आयुक्त, कार्यपालन यंत्री, मुख्यालय एई, जनकार्य, ड्रेनेज, भवन अनुज्ञा, वर्कशॉप एवं जलप्रदाय विभाग के सब इंजीनियर, समस्त जोनल अधिकारी, भवन अधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


