भोपाल में छोला मंदिर थाना क्षेत्र के शंकर नगर इलाके में मंगलवार शाम एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। युवती को बचाने आई बड़ी बहन पर भी आरोपी ने चाकू से वार कर दिया, जिससे उसके गाल पर गहरा घाव हो गया। बुधवार को पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। हमले के बाद आरोपी लोगों के जमा होने पर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। देखें तस्वीरें… रास्ता रोककर दोनों बहनों से विवाद करने लगा पुलिस के अनुसार- 23 वर्षीय छोला थाना इलाके में रहती है। वह अपनी छोटी बहन के साथ मंगलवार शाम करीब चार बजे घर के पास जा रही थी। इसी दौरान प्रीत नगर निवासी अक्षय चंदेल ने दोनों बहनों को रास्ते में रोक लिया और पुरानी बातों को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने जेब से चाकू निकाला और पूर्व प्रेमिका पर हमला कर दिया। आरोपी ने युवती की गर्दन, चेहरे, पीठ और हाथों पर चाकू से कई वार किए। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। बहन को बचाने के लिए बड़ी बहन आगे आई तो आरोपी ने उसके बाएं गाल पर भी चाकू मार दिया, जिससे गहरा कट लग गया। दोनों बहनों के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे। भीड़ जुटती देख आरोपी अक्षय चंदेल वहां से भाग निकला। जाते समय उसने युवती को जान से मारने की धमकी भी दी। छोटी बहन के साथ लिवइन में रहा था आरोपी एएसआई प्रीतम सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और पीड़िता की छोटी बहन के बीच पहले संबंध थे और दोनों कुछ समय तक क्षेत्र में लिव-इन में रहे थे। बाद में आपसी विवाद के कारण युवती ने उससे दूरी बना ली और अपने परिवार के साथ रहने लगी। इसी बात को लेकर आरोपी रंजिश रखे हुए था। घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


