प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। सुबह की शुरुआत मानसून वाले दिनों की तरह हो रही है। शुक्रवार को लगातार दूसरे दिन मावठा भी गिरा। शासकीय जीवाजी वेधशाला के अनुसार दो दिन में 12 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मावठे ने दिन के साथ रात के पारे को भी गिरा दिया है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 21 डिग्री रहा, जबकि गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री दर्ज किया था। मौसम विभाग भोपाल के अनुसार अगले चार दिन इसी का मौसम रहने का अनुमान लगाया जा रहा है। उसके बाद आसमान साफ होगा और दिन के साथ रात के तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम में अचानक बदलाव भी हो सकता है। इससे दिन में धूप के तेवर तीखे होने की जगह ठंडी हवा भी चलने लगेगी। रात के तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट के संकेत भी हैं। 24 घंटे में जिले में औसत 14.1 मिलीमीटर वर्षा कलेक्टर कार्यालय भू अभिलेख के अनुसार पिछले 24 घंटे में उज्जैन जिले में औसत 14.1 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसमें उज्जैन तहसील में 27 मिमी, घट्टिया तहसील में 05 मिमी, खाचरौद में 12 मिमी, नागदा में 02 मिमी, बड़नगर में 58 मिमी, महिदपुर में 11 मिमी, झारड़ा में 2.0 मिमी, तराना में 6 मिमी, और माकड़ौन में 4 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। 1 जून से लेकर अब तक जिले में औसत 21.5 मिमी वर्षा हो चुकी है।


