शाहजहांपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने आरोप लगाया है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर पति और ससुराल वालों ने उसे जहर देकर मार डाला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान 24 वर्षीय नैना देवी के रूप में हुई है। नैना की शादी चार साल पहले पुवायां क्षेत्र के चौसेरा गांव निवासी मोहित कुमार से हुई थी। उनका एक दो साल का बेटा भी है। नैना मूल रूप से पीलीभीत जिले के थाना सेहरामऊ उत्तरी क्षेत्र के किशनपुर, हरिपुर मजरा ताल कोठी की रहने वाली थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति और ससुराल वाले दिए गए दहेज से संतुष्ट नहीं थे। वे लगातार अतिरिक्त दहेज की मांग करते थे और मांग पूरी न होने पर नैना के साथ मारपीट कर उसे प्रताड़ित करते थे। शुक्रवार शाम को नैना के साथ फिर मारपीट की गई थी। नैना ने फोन पर अपने चाचा को इस बारे में जानकारी दी थी और बताया था कि पति व ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़ित कर रहे हैं। शुक्रवार रात को मायके पक्ष को सूचना मिली कि नैना अब इस दुनिया में नहीं है। जब वे नैना की ससुराल पहुंचे, तो उसका शव पड़ा मिला। परिजनों ने नैना के शरीर पर चोट के निशान भी देखे, जिससे उनके आरोप को बल मिला कि पहले उसके साथ मारपीट की गई और फिर जहर देकर उसकी हत्या कर दी गई। मायके पक्ष ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार रावत ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की विवेचना की जा रही है।


