सीतापुर पुलिस लाइन में दीक्षांत परेड से पूर्व रिक्रूट महिला आरक्षियों के सम्मान में देर रात पारंपरिक “बड़ा खाना” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रशिक्षण पूर्ण कर चुकी महिला आरक्षियों के उत्साह और मनोबल को बढ़ाने के लिए पुलिस अधिकारियों ने उनके साथ बैठकर भोजन किया और संवाद स्थापित किया। कार्यक्रम रिजर्व पुलिस लाइन, सीतापुर में आयोजित किया गया, जिसमें एसपी अंकुर अग्रवाल सहित एएसपी दुर्गेश सिंह,आलोक सिंह सभी राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान अधिकारियों ने रिक्रूट महिला आरक्षियों से बातचीत कर उनके लगभग नौ माह के कठिन, अनुशासित और समर्पित प्रशिक्षण की सराहना की। उन्होंने महिला आरक्षियों को भविष्य में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और अनुशासन के साथ करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि अधिकारियों ने स्वयं महिला आरक्षियों को भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया। इससे पूरे आयोजन में आत्मीयता और सौहार्द का वातावरण देखने को मिला। अधिकारियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए पुलिस सेवा के मूल्यों, कर्तव्यपरायणता और जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखने का संदेश दिया। इस अवसर पर महिला आरक्षियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। सामूहिक रूप से भोजन करने से टीम भावना और आपसी समन्वय को और मजबूती मिली। उल्लेखनीय है कि प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने के बाद ये रिक्रूट महिला आरक्षी जल्द ही आयोजित होने वाली पासिंग आउट परेड में हिस्सा लेंगी और उत्तर प्रदेश पुलिस बल का हिस्सा बनकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ जनसेवा में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।


